भारत में चाय सिर्फ एक पेय नहीं, बल्कि लोगों की दिनचर्या का अहम हिस्सा है। सुबह की शुरुआत से लेकर शाम की थकान मिटाने तक, चाय हर मौके पर साथ देती है। हालांकि, ज्यादातर लोग यह नहीं जानते कि चाय कब पीना फायदेमंद होता है और कब यह नुकसान पहुंचा सकती है।
किन समय पर चाय पीने से हो सकता है नुकसान?
सबसे पहले गलत समय की बात करें तो सुबह उठते ही खाली पेट चाय पीना सेहत के लिए ठीक नहीं माना जाता। इससे शरीर में एसिडिटी बढ़ सकती है और लंबे समय में पेट से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं। इसके अलावा, रात को सोने से ठीक पहले चाय पीने से नींद प्रभावित हो सकती है, क्योंकि इसमें मौजूद कैफीन दिमाग को सक्रिय बनाए रखता है। अगर आपको एसिडिटी की समस्या रहती है, तो चाय से दूरी बनाना बेहतर रहता है। भोजन के तुरंत पहले या बाद में चाय पीना भी सही नहीं है, क्योंकि इससे पोषक तत्वों के अवशोषण में रुकावट आ सकती है। खासकर आयरन सप्लीमेंट के साथ चाय लेने से बचना चाहिए, क्योंकि चाय में मौजूद तत्व आयरन को शरीर में सही से घुलने नहीं देते।
कब पीनी चाहिए चाय? यही है “गोल्डन टाइम”
अब बात करें सही समय की, तो विशेषज्ञों के अनुसार सुबह उठने के तुरंत बाद नहीं, बल्कि नाश्ता करने के करीब 1 से 2 घंटे बाद चाय पीना सबसे बेहतर होता है। यह समय शरीर के लिए सुरक्षित भी माना जाता है और चाय का आनंद भी बिना किसी नुकसान के लिया जा सकता है। दिन के समय, खासकर दोपहर से पहले चाय पीना शरीर के मेटाबॉलिज्म के लिए ठीक रहता है। जहां तक रात की बात है, तो केवल वही लोग रात में चाय लें जिनकी काम की टाइमिंग नाइट शिफ्ट में होती है।
बढ़ती लोकप्रियता: दूध वाली से लेकर हर्बल टी तक
आजकल लोग सिर्फ पारंपरिक दूध वाली चाय ही नहीं, बल्कि ग्रीन टी और हर्बल टी की ओर भी तेजी से बढ़ रहे हैं। फिर भी, भारत में दूध वाली चाय का क्रेज अब भी सबसे ज्यादा है।
चाय पीना गलत नहीं है, लेकिन सही समय का ध्यान रखना जरूरी है। अगर आप “गोल्डन आवर” यानी नाश्ते के कुछ समय बाद चाय पीते हैं, तो यह आपकी सेहत के लिए बेहतर साबित हो सकती है




