जिमी फैलन के शो में फिर गूंजेगा दिलजीत का जलवा, भांगड़ा सिखाते वीडियो ने मचाया धमाल

जिमी फैलन के शो में फिर गूंजेगा दिलजीत का जलवा, भांगड़ा सिखाते वीडियो ने मचाया धमाल

ग्लोबल स्टार बन चुके दिलजीत दोसांझ एक बार फिर इंटरनेशनल टेलीविजन पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने जा रहे हैं। वह मशहूर शो ‘द टुनाइट शो’ में दो साल बाद वापसी करने वाले हैं। इस बीच शो के सेट से सामने आए एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है, जिसमें दिलजीत होस्ट जिमी फैलन को भांगड़ा के स्टेप्स सिखाते नजर आ रहे हैं।

इस वीडियो को खुद दिलजीत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। क्लिप की शुरुआत स्टूडियो के दरवाजे से होती है, जहां उनकी टीम मजाकिया अंदाज में कहती है कि क्या लगा था वो वापस नहीं आएंगे। इसके बाद दिलजीत एंट्री लेते हुए कहते हैं कि एक बार पंजाबी आ जाएं तो जल्दी नहीं जाते। इसी दौरान जिमी फैलन भी उनके साथ नजर आते हैं और दोनों साथ में भांगड़ा करते हुए खूब मस्ती करते दिखते हैं। बैकग्राउंड में दिलजीत का नया गाना ‘मोरनी’ भी सुनाई देता है।

शो के ऑफिशियल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी कुछ झलकियां साझा की गई हैं, जिनमें दिलजीत जिमी को डांस सिखाते हुए नजर आ रहे हैं। दोनों के बीच की केमिस्ट्री और मस्ती भरा अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद से ही दर्शकों में नए एपिसोड को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

दिलजीत ने यह भी बताया कि जिमी फैलन ने उन्हें एक खास थैंक्यू नोट भेजकर शो में दोबारा आने के लिए आभार जताया है। इससे साफ है कि उनकी पिछली मौजूदगी को भी काफी सराहना मिली थी।

काम की बात करें तो दिलजीत इन दिनों अपने म्यूजिक और लाइव टूर के साथ-साथ फिल्मों में भी सक्रिय हैं। हाल ही में वह फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में नजर आए थे, जिसे बॉक्स ऑफिस पर अच्छी प्रतिक्रिया मिली। आने वाले समय में वह इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में दिखाई देंगे, जो 1947 के विभाजन की कहानी पर आधारित है। इस फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, शरवरी वाघ और वेदांग रैना भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।