घूमने-फिरने का प्लान बनते ही ज्यादातर लोग जरूरत से ज्यादा कपड़े पैक कर लेते हैं। नतीजा यह होता है कि पूरे सफर के दौरान भारी बैग संभालना मुश्किल हो जाता है। अगर आप भी हर ट्रिप में ओवरपैकिंग करते हैं, तो मिक्स एंड मैच तकनीक आपके लिए काफी काम की साबित हो सकती है। इस तरीके से कम कपड़ों में भी अलग-अलग और आकर्षक लुक तैयार किए जा सकते हैं।
दरअसल, मिक्स एंड मैच फैशन का ऐसा ट्रेंड है, जिसमें कुछ चुनिंदा कपड़ों को अलग-अलग तरीके से पहनकर कई आउटफिट्स बनाए जाते हैं। यही वजह है कि ट्रैवलर्स और फैशन पसंद करने वाले लोगों के बीच यह तरीका तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
पैकिंग से पहले इन बातों का रखें ध्यान
स्मार्ट ट्रैवलिंग के लिए ऐसे कपड़े चुनना जरूरी है जो कम जगह घेरें और बार-बार इस्तेमाल किए जा सकें। हल्के फैब्रिक वाले आउटफिट्स सफर में आसानी से कैरी किए जा सकते हैं। इसके अलावा ऐसे कपड़े चुनें जो जल्दी सूख जाएं और ज्यादा सिलवटें भी न पड़ें। आरामदायक डेनिम, ढीले-ढाले फिटिंग वाले कपड़े और बेसिक टी-शर्ट्स ट्रिप के लिए बेहतरीन विकल्प माने जाते हैं। ये न सिर्फ आराम देते हैं बल्कि अलग-अलग कॉम्बिनेशन में भी पहने जा सकते हैं।
कम कपड़ों में ज्यादा लुक्स का आसान तरीका
मिक्स एंड मैच अपनाने के लिए सबसे पहले अपनी अलमारी से ऐसे तीन पसंदीदा कपड़े चुनें जिन्हें पहनकर आप आत्मविश्वास महसूस करते हों। इसके बाद एक सीमित कलर थीम तय करें, ताकि हर कपड़ा दूसरे के साथ आसानी से मैच हो सके। ब्लैक, व्हाइट, बेज या ग्रे जैसे न्यूट्रल रंग इस काम के लिए सबसे अच्छे माने जाते हैं। इसी वजह से मोनोक्रोम स्टाइलिंग भी इन दिनों काफी ट्रेंड में है।
ये कपड़े ट्रिप में जरूर रखें
अगर आप कम सामान के साथ सफर करना चाहते हैं, तो हाई-वेस्ट जींस, ओवरसाइज शर्ट और एक-दो बेसिक टी-शर्ट्स को अपनी पैकिंग लिस्ट में शामिल करें। इनकी मदद से कई तरह के लुक तैयार किए जा सकते हैं और बार-बार नए कपड़ों की जरूरत भी नहीं पड़ती।
एक ही कपड़ा, कई उपयोग
ओवरसाइज शर्ट आजकल ट्रैवल फैशन का अहम हिस्सा बन चुकी है। इसे कैजुअल आउटफिट के साथ पहनने के अलावा बीच वेयर या लेयरिंग के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं, डेनिम जैकेट भी एक मल्टी-परपज विकल्प है, जो आपके लुक को स्टाइलिश बनाने के साथ-साथ शाम की ठंड या फ्लाइट के दौरान भी काम आती है।
सही प्लानिंग और स्मार्ट पैकिंग की मदद से आप कम सामान के साथ आरामदायक और फैशनेबल ट्रिप का आनंद ले सकते हैं।
(Photo : AI Generated)




