चंडीगढ़ नगर निगम के कमिश्नर अमित कुमार ने डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड से कचरा हटाने में हो रही लगातार देरी को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार तय समयसीमा का पालन नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को छुट्टी के दिन भी कमिश्नर ने चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ डंपिंग साइट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बायो-माइनिंग और कचरा प्रोसेसिंग कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और काम की धीमी गति पर नाराजगी जताई।
कमिश्नर ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (एसडब्ल्यूएम) सेल के कामकाज पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार तय समयसीमा आगे बढ़ाना अब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा मई के पहले सप्ताह तक दिए गए लक्ष्य को हर हाल में पूरा किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए और परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। अगर तय समय में काम पूरा नहीं हुआ, तो जिम्मेदारी तय कर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड से कचरा हटाने की समयसीमा पिछले कई वर्षों से लगातार आगे बढ़ती रही है, लेकिन इस बार प्रशासन ने इसे लेकर सख्ती दिखाने के संकेत दे दिए हैं।



