चंडीगढ़ के मेयर Saurabh Joshi ने सोमवार को डड्डूमाजरा स्थित कचरा डंपिंग साइट का निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पुराने कचरे को 30 अप्रैल 2026 तक पूरी तरह हटाया जाए। इस दौरान उनके साथ नगर निगम के चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने साइट पर चल रहे बायो-माइनिंग कार्य की प्रगति की समीक्षा की और काम की धीमी रफ्तार पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस क्षेत्र के निवासियों को पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए अब किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सफाई कार्य को तेज गति से पूरा करने के लिए 24 घंटे काम किया जाए, पर्याप्त मशीनरी और अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि पूरा काम वैज्ञानिक तरीके और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप हो।
मेयर ने दोहराया कि डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड की सफाई नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसे तय समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाना चाहिए।

