‘ताल 2’ पर बड़ा अपडेट: सुभाष घई ने किया सीक्वल का इशारा, स्क्रिप्ट भी लगभग तैयार

‘ताल 2’ पर बड़ा अपडेट: सुभाष घई ने किया सीक्वल का इशारा, स्क्रिप्ट भी लगभग तैयार

बॉलीवुड में इन दिनों पुरानी हिट फिल्मों के सीक्वल बनाने का सिलसिला तेज हो गया है। इसी कड़ी में अब 90 के दशक की यादगार फिल्म ‘ताल’ को लेकर भी बड़ी खबर सामने आई है। फिल्म के निर्देशक सुभाष घई ने हाल ही में इसके दूसरे भाग को लेकर संकेत दिए हैं।

एक इंटरव्यू में सुभाष घई ने बताया कि ‘ताल 2’ की कहानी पर लंबे समय से काम चल रहा था और अब इसकी स्क्रिप्ट लगभग पूरी हो चुकी है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म को बड़े पर्दे पर लाने के लिए सही सोच, शुद्धता और दमदार कास्टिंग बेहद जरूरी होगी। उनके मुताबिक, दर्शकों की प्रतिक्रिया ही तय करेगी कि इस कहानी को आगे बढ़ाया जाए या नहीं।

दिलचस्प बात यह है कि घई ने कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर ‘ताल’ की पुरानी तस्वीर साझा करते हुए कई सवाल उठाए थे, क्या आज की पीढ़ी इस तरह की भावनात्मक कहानी को स्वीकार करेगी? क्या बिना खलनायक और हिंसा के भी फिल्म उतनी ही प्रभावशाली बन सकती है? इन सवालों ने फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।

साल 1999 में रिलीज हुई ‘ताल’ उस दौर की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक रही थी। इसमें ऐश्वर्या राय बच्चन और अक्षय खन्ना ने मुख्य भूमिकाएं निभाईं थीं, जबकि अनिल कपूर एक अहम किरदार में नजर आए थे। फिल्म के गाने और कहानी आज भी दर्शकों के बीच खास जगह रखते हैं।

‘ताल’ को अक्षय खन्ना के करियर की बेहतरीन फिल्मों में गिना जाता है, वहीं ऐश्वर्या राय की अदाकारी और स्क्रीन प्रेजेंस ने भी इसे खास बना दिया था। अब अगर ‘ताल 2’ बनती है, तो फैंस को उम्मीद है कि यह फिल्म भी उसी तरह दिलों को छूने में कामयाब होगी।