पंजाब में रिकॉर्ड गेहूं खरीद, 100 LMT के पार पहुंचा आंकड़ा; किसानों को 21 हजार करोड़ से अधिक का भुगतान

पंजाब में रिकॉर्ड गेहूं खरीद, 100 LMT के पार पहुंचा आंकड़ा; किसानों को 21 हजार करोड़ से अधिक का भुगतान

पंजाब में इस बार गेहूं खरीद ने नया मुकाम हासिल किया है। राज्य की मंडियों में गेहूं की आवक और सरकारी खरीद दोनों ही 100 लाख मीट्रिक टन (LMT) के आंकड़े को पार कर चुकी हैं। ताजा आंकड़ों के अनुसार, कुल आवक 1,03,49,917 मीट्रिक टन से अधिक दर्ज की गई है, जबकि 1,00,15,000 मीट्रिक टन से ज्यादा गेहूं की खरीद हो चुकी है।

लाल चंद कटारूचक्क के नेतृत्व में खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग ने मंडियों में व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। बारदाना, साफ पेयजल और स्वच्छता के बेहतर इंतजामों के चलते खरीद प्रक्रिया में तेजी आई है।

इन व्यवस्थाओं का सकारात्मक असर यह रहा कि न केवल खरीद और उठान (लिफ्टिंग) में गति आई, बल्कि भुगतान प्रक्रिया भी समयबद्ध तरीके से पूरी की गई। विभाग के अनुसार, किसानों को खरीदी गई फसल का भुगतान 48 घंटे के भीतर सीधे उनके बैंक खातों में किया गया है।

अब तक किसानों को 21,422 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है, जिससे किसान, आढ़ती और मजदूर सभी को राहत मिली है। सरकार का कहना है कि इस सुव्यवस्थित खरीद प्रक्रिया से सभी संबंधित पक्षों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।