मजदूर दिवस के मौके पर पंजाब सरकार ने श्रमिकों के लिए बड़ा फैसला लेते हुए न्यूनतम मजदूरी में 15 प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दी है। इस प्रस्ताव को शुक्रवार को पंजाब विधानसभा में सर्वसम्मति से पारित किया गया।
इस फैसले का लाभ राज्य के सरकारी और निजी क्षेत्र में काम करने वाले सभी पंजीकृत श्रमिकों को मिलेगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस कदम को मजदूर वर्ग के प्रति सम्मान और उनके योगदान की सराहना बताया।
उन्होंने यह भी बताया कि न्यूनतम मजदूरी की मूल दर में पिछली बार संशोधन वर्ष 2012 में किया गया था। हालांकि इस दौरान महंगाई भत्ता समय-समय पर बढ़ता रहा, लेकिन बेसिक वेतन में कोई बदलाव नहीं हुआ था। अब इस वृद्धि से श्रमिकों को आर्थिक रूप से राहत मिलने की उम्मीद है।




