आज की दुनिया में मोबाइल फोन हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। कॉल करना और रिसीव करना एक सामान्य आदत है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि फोन उठाते ही हम लगभग हर बार “Hello” ही क्यों बोलते हैं? यह सिर्फ एक आदत नहीं, बल्कि इसके पीछे एक दिलचस्प इतिहास छिपा हुआ है।
शुरुआत में तय नहीं था कोई तय शब्द
टेलीफोन के शुरुआती दौर में यह बिल्कुल तय नहीं था कि कॉल रिसीव करते समय क्या कहा जाए। लोग अलग-अलग शब्दों का इस्तेमाल करते थे, जैसे “Ahoy”, “क्या तुम सुन रहे हो?” या “क्या तुम हो?”। यानी उस समय बातचीत शुरू करने का कोई एक मानक तरीका नहीं था।
‘Hello’ को लोकप्रिय बनाने का श्रेय किसे?
इतिहास के मुताबिक, टेलीफोन के आविष्कारक Alexander Graham Bell “Ahoy” शब्द के समर्थक थे और चाहते थे कि लोग इसी से बातचीत शुरू करें। लेकिन बाद में Thomas Edison ने “Hello” को बढ़ावा दिया। एडिसन का मानना था कि फोन हमेशा कनेक्टेड रहता है, इसलिए सामने वाले का ध्यान आकर्षित करने के लिए “Hello” एक स्पष्ट और प्रभावी शब्द है। धीरे-धीरे यही शब्द आम लोगों के बीच लोकप्रिय हो गया और फिर यह एक परंपरा बन गई।
‘Hello’ शब्द का असली मतलब क्या है?
“Hello” शब्द टेलीफोन के आने से पहले भी इस्तेमाल में था। Oxford English Dictionary के अनुसार, यह पुराने जर्मन शब्द “होलो” से निकला है, जिसका उपयोग किसी का ध्यान खींचने या पुकारने के लिए किया जाता था। वहीं लेखक Bill Bryson के अनुसार, यह “hale be thou” का छोटा रूप हो सकता है, जिसका अर्थ है “आप स्वस्थ रहें”।
आज भी कायम है यह परंपरा
तकनीक बदल गई, स्मार्टफोन आ गए, लेकिन “Hello” आज भी फोन पर बातचीत की शुरुआत का सबसे आम तरीका बना हुआ है। यह शब्द न सिर्फ संचार को आसान बनाता है, बल्कि बातचीत की एक सहज शुरुआत भी देता है।




