फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज निर्देशक एसएस राजामौली इन दिनों अपनी महत्वाकांक्षी फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर चर्चा में हैं। महेश बाबू और प्रियंका चोपड़ा स्टारर यह प्रोजेक्ट 2027 में रिलीज होने वाला है, लेकिन इससे पहले ही फिल्म को लेकर जबरदस्त बज बन चुका है।
हाल ही में फिल्म के निर्माता एस. एस. कार्तिकेय ने एक इंटरनेशनल इवेंट के दौरान बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म में करीब 20 मिनट का एक ऐसा हिस्सा होगा, जो रामायण से प्रेरित होगा। यह हिस्सा कहानी में एक खास सांस्कृतिक गहराई जोड़ने का काम करेगा।
दरअसल, ‘वाराणसी’ ने कॉमिक कॉन एक्सपीरियंस मेक्सिको 2026 में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई, जहां मेकर्स ने फिल्म के विजन और कॉन्सेप्ट को साझा किया। इस दौरान कार्तिकेय ने भारत और मेक्सिको की सांस्कृतिक समानताओं पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि जैसे भारत में कहानियां रामायण और महाभारत जैसे महाकाव्यों से प्रेरित होती हैं, वैसे ही मेक्सिको में एज़्टेक और माया सभ्यताओं की कहानियों का गहरा प्रभाव देखने को मिलता है।
मेकर्स के मुताबिक, फिल्म में सिर्फ एक्शन या विजुअल्स ही नहीं, बल्कि पारिवारिक रिश्तों, परंपराओं और भावनाओं को भी खास महत्व दिया गया है। यही वजह है कि लैटिन अमेरिकी दर्शकों को भी यह कहानी अपने करीब लग सकती है।
फिल्म के किरदारों की बात करें तो महेश बाबू ‘रुद्र’ के रोल में दमदार अंदाज में नजर आएंगे, वहीं पृथ्वीराज सुकुमारन ‘कुंभ’ के किरदार में गंभीर भूमिका निभा रहे हैं। प्रियंका चोपड़ा जोनास ‘मंदाकिनी’ के रूप में नजर आएंगी, जिनके लुक्स पहले ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन चुके हैं।
भारी बजट में बन रही इस फिल्म से मेकर्स को बॉक्स ऑफिस पर भी बड़ी उम्मीदें हैं। रिलीज से पहले ही ‘वाराणसी’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह चरम पर है, और अब ‘रामायण’ से जुड़े इस खास ट्विस्ट ने फिल्म को और ज्यादा चर्चा में ला दिया है।




