शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 1000 अंक टूटा; निफ्टी भी लुढ़का

शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 1000 अंक टूटा; निफ्टी भी लुढ़का

सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार दबाव में नजर आया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स करीब 1,000 अंकों की गिरावट के साथ 76,300 के आसपास ट्रेड करता दिखा। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 300 से ज्यादा अंक टूटकर 23,900 के करीब पहुंच गया।

आज के कारोबार में सबसे ज्यादा दबाव ऑटो, बैंकिंग और रियल एस्टेट सेक्टर के शेयरों पर देखने को मिला। निवेशकों की बिकवाली के चलते बाजार में कमजोरी बनी रही।

बाजार में गिरावट की बड़ी वजहें

  • ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव से वैश्विक सप्लाई चेन प्रभावित होने की आशंका।
  • क्रूड ऑयल महंगा होने से भारत पर आयात खर्च बढ़ने और महंगाई बढ़ने का डर।
  • एशियाई बाजारों में कमजोरी का असर भारतीय बाजार पर भी देखने को मिला।

एशियाई बाजारों का हाल

एशियाई शेयर बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी बढ़त में रहा, जबकि जापान के निक्केई और हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग इंडेक्स में गिरावट दर्ज की गई।

विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली

विदेशी निवेशक भारतीय बाजार से लगातार पैसा निकाल रहे हैं। पिछले सात कारोबारी दिनों में FIIs ने करीब 13,900 करोड़ रुपए के शेयर बेचे हैं। वहीं घरेलू निवेशकों ने खरीदारी जारी रखी है।

पिछला कारोबारी सत्र भी रहा कमजोर

इससे पहले शुक्रवार 8 मई को भी बाजार लाल निशान में बंद हुआ था। उस दिन सेंसेक्स 516 अंक गिरकर 77,328 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी करीब 150 अंक टूटकर 24,176 के स्तर पर बंद हुआ था।