हरियाणा में युवाओं के बीच पकड़ मजबूत करने उतरेगी जेजेपी, 17 मई से शुरू होगा बड़ा जनसंपर्क अभियान

हरियाणा में युवाओं के बीच पकड़ मजबूत करने उतरेगी जेजेपी, 17 मई से शुरू होगा बड़ा जनसंपर्क अभियान

जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) अब प्रदेशभर में युवाओं और आम लोगों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाने जा रही है। पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने ऐलान किया कि 17 मई से “जन-जन अभियान” की शुरुआत की जाएगी, जिसके तहत युवा जेजेपी कार्यकर्ता हरियाणा के सभी 23 जिलों और 90 विधानसभा हलकों तक पहुंचेंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को पार्टी की नीतियों और विचारधारा से जोड़ना बताया गया है।

रोहतक स्थित जेजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित युवा जेजेपी की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि आने वाले छह महीनों तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत डबवाली हलके से होगी और इसके बाद अलग-अलग जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 19 मई को ऐलनाबाद, 22 मई को रानियां, 25 मई को सिरसा और कालांवाली, 26 मई को दोबारा डबवाली, 29 मई को फतेहाबाद तथा 30 मई को टोहाना और रतिया में अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम होंगे। इन आयोजनों में युवाओं से संवाद, जनसभाएं और सामाजिक गतिविधियां शामिल रहेंगी।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि यह केवल राजनीतिक अभियान नहीं होगा, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पौधारोपण अभियान, रक्तदान शिविर और जनजागरूकता गतिविधियों के जरिए युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने की कोशिश की जाएगी। पार्टी का मानना है कि राजनीति के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है।

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, अपराध और प्रशासनिक अव्यवस्था लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा के युवाओं की बजाय बाहरी राज्यों के लोगों को नौकरियों में प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे स्थानीय युवाओं में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जेजेपी आने वाले समय में इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाएगी।

उन्होंने सफाई कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। दिग्विजय ने कहा कि प्रदेश में आम लोगों को पुलिस और प्रशासनिक तंत्र द्वारा परेशान किए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं और सोशल मीडिया पर ऐसे मामलों की संख्या बढ़ रही है।

जेजेपी नेता ने आरोप लगाया कि जो लोग मौजूदा व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाते हैं, उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कर दबाव बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इसी माहौल के बीच जेजेपी युवाओं को जागरूक करने और लोगों को संगठित करने का काम करेगी।

दिग्विजय चौटाला ने यह भी कहा कि देश में बढ़ती राजनीतिक और सामाजिक विभाजनकारी सोच के खिलाफ सभी लोकतांत्रिक ताकतों को एकजुट होने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि कई बड़े विपक्षी नेता भी इस मुद्दे को उठा रहे हैं और आने वाले समय में जनता बदलाव का मन बना सकती है।

बैठक के दौरान युवा जेजेपी के प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी और विभिन्न जिलों के युवा अध्यक्ष भी मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने अभियान को लेकर संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं को गांव-गांव तक पहुंचने के निर्देश दिए।