हरियाणा सरकार का बड़ा कदम: 4 हजार आंगनबाड़ी केंद्र अब शिफ्ट होंगे सरकारी भवनों में

हरियाणा सरकार का बड़ा कदम: 4 हजार आंगनबाड़ी केंद्र अब शिफ्ट होंगे सरकारी भवनों में

हरियाणा में बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में किराये की इमारतों में संचालित हो रहे चार हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों को अब सरकारी भवनों में स्थानांतरित किया जाएगा।

इस पहल की घोषणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने बजट भाषण के दौरान की थी, जिसे अब अमल में लाया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए सभी जिलों में उपलब्ध सरकारी भवनों में उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के लिए अन्य विभागों से सहयोग मांगा है।

सरकार का उद्देश्य बच्चों को बेहतर पोषण के साथ सुरक्षित और अनुकूल वातावरण प्रदान करना है। इसी दिशा में राज्य सरकार ने करीब एक हजार आंगनबाड़ी केंद्रों को ‘सक्षम आंगनबाड़ी’ और अन्य एक हजार केंद्रों को प्ले-स्कूल के रूप में विकसित करने का भी निर्णय लिया है।

वर्तमान में कई आंगनबाड़ी केंद्र छोटे कमरों या स्कूलों के सीमित स्थान में संचालित हो रहे हैं, जिससे बच्चों के समुचित विकास में बाधाएं आती हैं। ऐसे में यह कदम बच्चों के लिए सुविधाजनक और बेहतर माहौल सुनिश्चित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।