3 साल बाद YRF संग लौट सकते हैं रणवीर सिंह! ‘धुरंधर 2’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद तेज हुई चर्चाएं

3 साल बाद YRF संग लौट सकते हैं रणवीर सिंह! ‘धुरंधर 2’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद तेज हुई चर्चाएं

रणवीर सिंह इन दिनों बॉलीवुड के सबसे चर्चित सितारों में शामिल हैं। उनकी फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई करते हुए करीब 1800 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद अब हर किसी की नजर उनके अगले बड़े प्रोजेक्ट पर टिकी हुई है। इसी बीच खबरें सामने आई हैं कि रणवीर सिंह ने हाल ही में YRF प्रमुख आदित्य चोपड़ा से खास मुलाकात की है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मई महीने में रणवीर और आदित्य चोपड़ा के बीच यशराज फिल्म्स के ऑफिस में एक प्राइवेट मीटिंग हुई। बताया जा रहा है कि दोनों ने काफी देर तक आने वाले प्रोजेक्ट्स और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। इस मुलाकात के बाद इंडस्ट्री में कयास लगाए जा रहे हैं कि रणवीर सिंह एक बार फिर YRF के साथ बड़ा प्रोजेक्ट कर सकते हैं।

सूत्रों का कहना है कि ‘धुरंधर 2’ की बंपर सफलता से आदित्य चोपड़ा बेहद प्रभावित हैं। गौरतलब है कि रणवीर सिंह को बॉलीवुड में लॉन्च करने का श्रेय भी YRF को ही जाता है। ऐसे में दोनों के बीच दोबारा साझेदारी की खबरें फैंस की उत्सुकता बढ़ा रही हैं।

जानकारी के अनुसार, रणवीर और आदित्य ने एक बड़े बजट की फीचर फिल्म को लेकर भी बातचीत की है। माना जा रहा है कि अगले कुछ महीनों में इस नए प्रोजेक्ट को लेकर आधिकारिक घोषणा हो सकती है। अगर सबकुछ तय रहा तो करीब तीन साल बाद रणवीर सिंह और YRF फिर साथ नजर आ सकते हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो रणवीर सिंह लगातार दो बड़ी हिट फिल्में देकर इस समय शानदार फॉर्म में हैं। यही वजह है कि कई बड़े निर्माता और निर्देशक उनके साथ काम करने के लिए उत्सुक दिखाई दे रहे हैं।