रणवीर सिंह की आने वाली फिल्म ‘धुरंधर 2’ सिनेमाघरों में आने से पहले ही विवादों का सामना कर रही है। फिल्म की रिलीज में अब सिर्फ कुछ दिन ही बचे हैं, लेकिन इसी बीच सिख समुदाय की ओर से आपत्ति जताई गई है। आरोप है कि फिल्म में ऐसे दृश्य दिखाए गए हैं जो उनकी धार्मिक मान्यताओं के खिलाफ हैं।
दरअसल, फिल्म के निर्देशक आदित्य धर की इस फिल्म के कुछ सीन और प्रमोशनल मटेरियल को लेकर सिख समुदाय के कुछ लोगों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उनका कहना है कि फिल्म में एक सिख किरदार को सिगरेट पीते हुए दिखाया गया है, जो सिख धर्म की परंपराओं के बिल्कुल विपरीत है। इसी मुद्दे को लेकर फिल्म के निर्माताओं और संबंधित लोगों को कानूनी नोटिस भी भेजा गया है।
नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि सिख धर्म में तंबाकू और धूम्रपान पूरी तरह वर्जित माना जाता है। ऐसे में किसी सिख सरदार को इस तरह दिखाना समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा है। विरोध करने वालों ने मांग की है कि फिल्म से इस तरह के सभी दृश्य तुरंत हटाए जाएं। सिर्फ फिल्म ही नहीं, बल्कि ट्रेलर, पोस्टर और अन्य प्रचार सामग्री से भी ऐसे सीन हटाने की बात कही गई है। साथ ही फिल्म के निर्माताओं से यह भी आग्रह किया गया है कि वे सिख समुदाय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते इन मांगों को नहीं माना गया तो फिल्म से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। गौरतलब है कि ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जबकि 18 मार्च को इसके पेड प्रीव्यू रखे गए हैं। रिलीज से ठीक पहले खड़ा हुआ यह विवाद फिल्म के लिए नई चुनौती बन सकता है।




