रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ इन दिनों भारत समेत दुनिया भर में चर्चा का विषय बनी हुई है और बॉक्स ऑफिस पर इसकी रफ्तार भी तेज है। रिलीज के 6 दिनों में फिल्म ने वैश्विक स्तर पर करीब 919 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है, जबकि ओवरसीज में इसका कलेक्शन 231.57 करोड़ रुपये पहुंचा है।
लेकिन इसी बीच एक हॉलीवुड फिल्म ने विदेशी बाजार में ‘धुरंधर 2’ की चमक को फीका कर दिया है। यह फिल्म है रायन गोसलिंग स्टारर ‘प्रोजेक्ट हेल मेरी’, जिसने रिलीज के साथ ही जबरदस्त कमाई करते हुए रिकॉर्ड बना दिए हैं। 20 मार्च 2026 को 83 देशों में रिलीज हुई इस साइंस-फिक्शन फिल्म को फिल लॉर्ड और क्रिस्टोफर मिलर ने डायरेक्ट किया है। एंडी वियर के मशहूर नॉवेल पर आधारित इस फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड पर ही शानदार प्रदर्शन किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने विदेशी बाजार में $60.4 मिलियन की कमाई की, जबकि कुल मिलाकर इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस $140.9 मिलियन यानी करीब 1321 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
दिलचस्प बात यह है कि 2 घंटे 36 मिनट लंबी इस फिल्म ने महज तीन दिनों में ही 1000 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया और ओवरसीज में ‘धुरंधर 2’ को पीछे छोड़ दिया। वहीं भारत में यह फिल्म 26 मार्च को रिलीज होने वाली है, जहां इसके प्रदर्शन पर सबकी नजरें टिकी हैं। तेज रफ्तार कमाई के चलते ‘प्रोजेक्ट हेल मेरी’ साल 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में 8वें स्थान पर पहुंच गई है। माना जा रहा है कि अगर यही ट्रेंड जारी रहा तो यह जल्द ही टॉप 5 में भी जगह बना सकती है। इसके लिए इसे $174.4 मिलियन के आंकड़े को पार करना होगा।
फिलहाल 2026 की टॉप कमाई करने वाली फिल्मों में ‘पेगासस 3’ पहले स्थान पर है, जिसके बाद ‘हॉपर्स’, ‘वुथरिंग हाइट्स’ और ‘स्क्रीम 7’ जैसी फिल्में शामिल हैं। वहीं ‘प्रोजेक्ट हेल मेरी’ तेजी से इस सूची में ऊपर चढ़ती नजर आ रही है।




