हिमाचल प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए सरकार व्यापक स्तर पर प्रयास कर रही है। पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष और पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आर.एस. बाली ने सोलन के ठोडो मैदान में आयोजित जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह के दौरान यह जानकारी दी।
समारोह में उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट्स एवं विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मार्चपास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व पुलिस उप निरीक्षक साहिल राणा ने किया। कार्यक्रम से पहले उन्होंने कारगिल शहीद स्मारक पहुंचकर वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को भी याद किया।
अपने संबोधन में आर.एस. बाली ने बताया कि राज्य में नई ईको टूरिज्म नीति के तहत 77 स्थलों का विकास किया जा रहा है। अगले पांच वर्षों में इस पहल से करीब 200 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा कर राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा।
इसके अलावा, पर्यटन ढांचे को मजबूत करने के लिए एशियन विकास बैंक के सहयोग से 2357 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी गई है। पर्यटकों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए विभिन्न जिलों में हेलीपोर्ट निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। सुल्तानपुर, रक्कड़, पालमपुर और जसकोट सहित कई स्थानों पर हेलीपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं, जबकि अन्य जिलों में भी निर्माण कार्य प्रगति पर है।

