सुपरस्टार Rajinikanth की बहुप्रतीक्षित फिल्म Jailer 2 एक दुखद घटना की वजह से सुर्खियों में आ गई है। फिल्म की शूटिंग इन दिनों तेजी से चल रही है, लेकिन इसी बीच सेट से बेहद परेशान करने वाली खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक फिल्म की टीम में काम कर रहे एक क्रू मेंबर की करंट लगने से मौत हो गई।
रिपोर्ट्स के अनुसार यह हादसा चेन्नई के पनैयूर इलाके में बने एक प्राइवेट स्टूडियो में हुआ, जहां फिल्म के लिए घर जैसा सेट तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान इलेक्ट्रिक शॉक लगने से क्रू मेंबर गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान कार्तिकेयन के तौर पर हुई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर सेट पर इतना बड़ा हादसा कैसे हुआ। फिलहाल इस केस में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। वहीं फिल्म की टीम या मेकर्स की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
बता दें कि Jailer की जबरदस्त सफलता के बाद इसका सीक्वल बनाया जा रहा है। फिल्म का निर्देशन Nelson Dilipkumar कर रहे हैं। पहली फिल्म ने दुनियाभर में 600 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। सीक्वल में रजनीकांत एक बार फिर ‘टाइगर मुथुवेल पांडियन’ के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा Ramya Krishnan, Mohanlal, Shiva Rajkumar और Mithun Chakraborty भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।




