ट्रंप के चीन दौरे में सुरक्षा को लेकर तनाव, अमेरिकी एजेंट और चीनी अधिकारियों में तीखी बहस

ट्रंप के चीन दौरे में सुरक्षा को लेकर तनाव, अमेरिकी एजेंट और चीनी अधिकारियों में तीखी बहस

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीजिंग दौरे के दौरान एक कार्यक्रम में उस वक्त असहज स्थिति पैदा हो गई, जब अमेरिकी सीक्रेट सर्विस और चीनी सुरक्षा अधिकारियों के बीच बहस हो गई। यह मामला बीजिंग के ऐतिहासिक ‘टेंपल ऑफ हेवन’ परिसर में सामने आया, जहां ट्रंप चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ पहुंचे थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक अमेरिकी सीक्रेट सर्विस एजेंट को हथियार के साथ कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने से रोक दिया गया। चीनी सुरक्षाकर्मियों ने एजेंट से हथियार बाहर छोड़ने को कहा, लेकिन उसने सुरक्षा प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए ऐसा करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस चलती रही।

बताया जा रहा है कि इस विवाद की वजह से कार्यक्रम की शुरुआत करीब आधे घंटे तक टल गई। मौके पर मौजूद पत्रकारों ने दावा किया कि माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था और कई बार चीनी अधिकारियों ने अमेरिकी मीडिया कर्मियों व स्टाफ को ट्रंप के काफिले के पास जाने से भी रोका।

एक विदेशी पत्रकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि चीन दौरे के दौरान अमेरिकी और चीनी सुरक्षा टीमों के बीच कई बार तनाव देखने को मिला, लेकिन टेंपल ऑफ हेवन का घटनाक्रम सबसे ज्यादा तीखा था। हालांकि, इस पूरे मामले पर अब तक न तो व्हाइट हाउस और न ही अमेरिकी सीक्रेट सर्विस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।

यह पहली बार नहीं है जब दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच ऐसा विवाद हुआ हो। इससे पहले ट्रंप के 2017 चीन दौरे में भी ‘न्यूक्लियर फुटबॉल’ यानी अमेरिकी राष्ट्रपति के परमाणु आदेशों से जुड़ा ब्रीफकेस ले जाने को लेकर विवाद सामने आया था।