स्वीडन में PM मोदी का बड़ा संदेश: आतंकवाद पर सख्त रुख, भारत-स्वीडन साझेदारी को मिलेगा नया विस्तार

स्वीडन में PM मोदी का बड़ा संदेश: आतंकवाद पर सख्त रुख, भारत-स्वीडन साझेदारी को मिलेगा नया विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय स्वीडन दौरे पर हैं। गोथेनबर्ग में आयोजित ‘यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में भारत और स्वीडन जैसे लोकतांत्रिक देशों का साथ मिलकर काम करना बेहद अहम हो गया है।

मोदी ने आतंकवाद को पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि भारत आतंक और उसे बढ़ावा देने वाली ताकतों के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखेगा। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के समर्थन में खड़े होने पर स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन का धन्यवाद भी किया।

मोदी के संबोधन की बड़ी बातें

  • भारत और स्वीडन ने अपने रिश्तों को अब स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप के स्तर तक पहुंचा दिया है। दोनों देश सुरक्षा, ग्रीन एनर्जी, नई तकनीक और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर मिलकर काम करेंगे।
  • रक्षा क्षेत्र में सहयोग अब केवल हथियारों की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं रहेगा। स्वीडिश कंपनियां भारत में निर्माण इकाइयां स्थापित कर रही हैं, जिससे लंबे समय की इंडस्ट्रियल साझेदारी मजबूत होगी।
  • दोनों देशों के बीच टेक्नोलॉजी और AI सेक्टर में सहयोग बढ़ाने के लिए नया ‘इंडिया-स्वीडन टेक और AI कॉरिडोर’ तैयार किया जाएगा।
  • रिसर्च और स्टार्टअप्स को एक प्लेटफॉर्म पर लाने के लिए ‘इंडिया-स्वीडन साइंस एंड टेक्नोलॉजी सेंटर’ बनाने का फैसला लिया गया है।
  • ग्रीन हाइड्रोजन, सर्कुलर इकोनॉमी और क्लाइमेट टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारत और स्वीडन मिलकर वैश्विक समाधान विकसित करेंगे।
  • प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-EU फ्री ट्रेड एग्रीमेंट लागू होने के बाद निवेश और उद्योग के क्षेत्र में नए अवसर खुलेंगे।
  • मोदी ने यूरोपीय कंपनियों से भारत में निवेश बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है और यहां AI, स्पेस, फिनटेक, ड्रोन और बायोटेक जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है।

स्वीडन ने PM मोदी को दिया सर्वोच्च सम्मान

गोथेनबर्ग में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वीडन के सर्वोच्च सम्मान ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान किसी विदेशी प्रधानमंत्री या सरकार प्रमुख को दिया जाने वाला स्वीडन का सबसे बड़ा सम्मान माना जाता है।

इस कार्यक्रम में स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। यह प्रधानमंत्री मोदी को मिला 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।

8 साल बाद स्वीडन पहुंचे मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले 2018 में स्वीडन का दौरा किया था। इस बार जब उनका विमान स्वीडन की सीमा में दाखिल हुआ तो स्वीडिश फाइटर जेट्स ने सुरक्षा एस्कॉर्ट दिया। गोथेनबर्ग एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन ने खुद पहुंचकर उनका स्वागत किया।