IPL 2026: आज CSK-SRH की टक्कर, चेन्नई के लिए जीत जरूरी

IPL 2026: आज CSK-SRH की टक्कर, चेन्नई के लिए जीत जरूरी

IPL 2026 का 63वां मुकाबला आज चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। मुकाबला चेन्नई के मशहूर एमए चिदंबरम स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि प्लेऑफ की तस्वीर अब लगभग साफ होने लगी है।

ऋतुराज गायकवाड की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स इस वक्त पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर मौजूद है। टीम के खाते में 12 मैचों में 12 अंक हैं। पिछले मुकाबले में लखनऊ के खिलाफ मिली हार के बाद चेन्नई पर दबाव बढ़ गया है। अब टीम को प्लेऑफ की उम्मीद जिंदा रखने के लिए बाकी दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे।

वहीं, पैट कमिंस की अगुआई वाली सनराइजर्स हैदराबाद इस समय शानदार स्थिति में है। टीम ने 12 में से 7 मुकाबले जीतकर 14 अंक हासिल किए हैं और अंक तालिका में तीसरे नंबर पर बनी हुई है। अगर हैदराबाद आज का मैच जीत लेती है तो उसका प्लेऑफ का रास्ता लगभग तय हो जाएगा।

हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक 23 मैच खेले गए हैं। इनमें चेन्नई सुपर किंग्स ने 15 मुकाबले जीते हैं, जबकि हैदराबाद को 8 मैचों में सफलता मिली है। हालांकि पिछले सीजन और इस सीजन के पहले मुकाबले में SRH ने CSK को हराया था।

चेन्नई की बल्लेबाजी में इस बार संजू सैमसन ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 12 मैचों में 450 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 236.55 का रहा है। गेंदबाजी में अंशुल कंबोज टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं, जिन्होंने 19 विकेट अपने नाम किए हैं।

दूसरी तरफ हैदराबाद की बैटिंग में हेनरिक क्लासन लगातार रन बना रहे हैं। क्लासन ने 12 मुकाबलों में 508 रन ठोके हैं। वहीं ईशान मलिंगा 16 विकेट लेकर टीम के टॉप विकेट टेकर बने हुए हैं। हालांकि गुजरात के खिलाफ पिछले मैच में SRH की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई थी और पूरी टीम सिर्फ 86 रन पर ऑलआउट हो गई थी।

चेपॉक की पिच इस सीजन अलग अंदाज में नजर आई है। पहले जहां यह विकेट स्पिनरों के लिए मददगार मानी जाती थी, वहीं इस बार बल्लेबाजों ने यहां जमकर रन बनाए हैं। इस सीजन यहां कई बार 200 से ज्यादा स्कोर बने हैं। अब तक खेले गए 6 मैचों में 4 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को जीत मिली है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुन सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक मैच के दौरान गर्मी और उमस बनी रह सकती है। शाम के समय हल्की बारिश या गरज के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना भी जताई गई है। तापमान 27 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

संभावित प्लेइंग-12

चेन्नई सुपर किंग्स:
ऋतुराज गायकवाड (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, अंशुल कंबोज, स्पेंसर जॉनसन, नूर अहमद, मुकेश चौधरी, गुरजपनीत सिंह।

सनराइजर्स हैदराबाद:
ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासन, सलील अरोड़ा, आर स्मरण, नीतीश रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, साकिब हुसैन, ईशान मलिंगा, प्रफुल हिंगे।