हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि महाराजा अग्रसेन की शिक्षाएं आज भी समाज और शासन व्यवस्था के लिए प्रेरणास्रोत हैं तथा हरियाणा सरकार उन्हीं आदर्शों और सिद्धांतों को आधार बनाकर विकास की दिशा में कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री रविवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित सर्कस ग्राउंड में आयोजित अखिल भारतीय अग्रवाल मैत्री संघ के अग्र समाज स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
इस कार्यक्रम में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में अग्र समाज के लोग शामिल हुए। समारोह के दौरान सामाजिक एकता, व्यापार, शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण में अग्र समाज की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के आयोजक प्रदीप गोयल और आयोजन समिति की भव्य कार्यक्रम के लिए सराहना की।
‘अग्र समाज ने हमेशा राष्ट्रहित को रखा सर्वोपरि’
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि अग्रवाल समाज का इतिहास गौरवशाली और प्रेरणादायी रहा है। महाराजा अग्रसेन ने समाज को सहयोग, समानता और आत्मनिर्भरता का जो संदेश दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि व्यापार, उद्योग, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अग्र समाज का योगदान देश के विकास में महत्वपूर्ण रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक अग्र समाज ने हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, युवाओं के लिए रोजगार पैदा करने और उद्योगों को बढ़ावा देने में इस समाज का विशेष योगदान रहा है।
‘एक रुपया-एक ईंट’ मॉडल को बताया सामाजिक शक्ति
नायब सैनी ने महाराजा अग्रसेन के “एक रुपया, एक ईंट” सिद्धांत को सामाजिक सहयोग और आत्मनिर्भरता का सबसे बड़ा उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर कार्य कर रही है। स्टार्टअप इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और एमएसएमई प्रोत्साहन जैसी योजनाओं ने व्यापारियों और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने भी “विकसित हरियाणा-2047” विजन के तहत कई नई नीतियां लागू की हैं। राज्य में नवाचार और तकनीकी विकास को बढ़ावा देने के लिए डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर का गठन किया गया है। साथ ही स्टार्टअप संस्कृति को मजबूत करने के लिए विशेष नीति लागू की गई है।
उन्होंने बताया कि राज्य में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए 2000 करोड़ रुपये का फंड ऑफ फंड तैयार किया गया है। एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत करने के लिए अलग निदेशालय बनाया गया है और 48 एमएसएमई क्लस्टरों में करीब 170 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि व्यापारियों को राहत देने के लिए राज्य सरकार 48 विभागों में 1100 से अधिक गैर-जरूरी नियम समाप्त कर चुकी है।
संतों ने दिए संस्कार और समाज सुधार के संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वामी संपूर्णानंद महाराज ने कहा कि अग्र समाज ने हमेशा धर्म, दान और सेवा की परंपरा को जीवित रखा है। उन्होंने समाज में बढ़ रही कुरीतियों पर चिंता जताते हुए बच्चों को अच्छे संस्कार देने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है और भविष्य भी उज्ज्वल है, बशर्ते नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ा जाए।
असीम गोयल ने किया सामाजिक एकजुटता का आह्वान
हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक असीम गोयल नन्यौला ने अग्र समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे महाराजा अग्रसेन को भगवान अग्रसेन के रूप में सम्मान दें और अपने घरों, कार्यालयों तथा प्रतिष्ठानों में उनकी तस्वीर लगाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों को समाज का इतिहास बताना बेहद जरूरी है और हर परिवार को अग्रोहा धाम की यात्रा अवश्य करनी चाहिए।
असीम गोयल ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश देते हुए कहा कि जो परिवार सक्षम हैं और जिनके घर बेटी नहीं है, वे कम से कम एक जरूरतमंद बेटी की शादी में सहयोग जरूर करें। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी को “मुस्कान मैन” बताते हुए कहा कि अगले वर्ष 30 मई को जयपुर में होने वाले कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री विशेष रूप से शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, सम्मान समारोह और सामाजिक एकता से जुड़े कई आयोजन भी किए गए। समारोह में व्यापार, उद्योग और सामाजिक संगठनों से जुड़े अनेक प्रमुख लोगों की मौजूदगी रही।


