शुक्रवार को सिनेमाघरों में कई फिल्मों के बीच मुकाबला देखने को मिला, लेकिन नई रिलीज ‘चांद मेरा दिल’ उम्मीदों के मुताबिक शुरुआत नहीं कर सकी। अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी की इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म को पहले दिन दर्शकों से औसत प्रतिक्रिया मिली और कमाई भी सीमित रही। दूसरी ओर, लंबे समय से थिएटर में टिके रहने वाली फिल्मों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है। हालांकि रितेश देशमुख की ‘राजा शिवाजी’ ने कमाई के मामले में एक नया बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
‘राजा शिवाजी’ बनी सबसे ज्यादा कमाने वाली मराठी फिल्म
मराठी पीरियड वॉर फिल्म ‘राजा शिवाजी’ अब बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक आंकड़ा छू चुकी है। फिल्म ने 22 दिनों में दुनियाभर में ₹110 करोड़ से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इसके साथ ही इसने 2016 की सुपरहिट फिल्म ‘सैराट’ का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। विदेशों में भी फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिला है और ओवरसीज मार्केट से ₹4 करोड़ से ज्यादा की कमाई हो चुकी है। हालांकि घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अब इसकी रफ्तार थोड़ी कम होती दिखाई दे रही है। शुक्रवार को फिल्म ने करीब ₹60 लाख का बिजनेस किया।
‘चांद मेरा दिल’ की शुरुआत रही धीमी
धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी ‘चांद मेरा दिल’ ने रिलीज के पहले दिन लगभग ₹2.90 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। सुबह के शोज में ऑक्यूपेंसी कम रही, लेकिन रात के शो में दर्शकों की संख्या थोड़ी बढ़ी। फिल्म की तुलना हालिया रोमांटिक फिल्मों से की जा रही है, हालांकि इसकी ओपनिंग उनसे काफी पीछे रही। बावजूद इसके, फिल्म ने जुनैद खान और साई पल्लवी की ‘एक दिन’ से बेहतर शुरुआत की है।
करीब ₹45 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म के लिए वीकेंड बेहद अहम माना जा रहा है। यदि शनिवार और रविवार को फिल्म की कमाई में उछाल आता है, तो इसके लिए आगे का रास्ता आसान हो सकता है।
‘पति पत्नी और वो 2’ की कमाई में फिर गिरावट
आयुष्मान खुराना स्टारर रोमांटिक कॉमेडी ‘पति पत्नी और वो 2’ दूसरे हफ्ते में संघर्ष करती दिख रही है। दूसरे शुक्रवार को फिल्म ने लगभग ₹1.35 करोड़ का नेट बिजनेस किया। इससे पहले गुरुवार को इसकी कमाई ₹2 करोड़ रही थी। अब तक फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन ₹30 करोड़ के पार पहुंच चुका है, जबकि वर्ल्डवाइड आंकड़ा लगभग ₹42 करोड़ हो गया है।
‘भूत बंगला’ अब आखिरी चरण में
अक्षय कुमार और परेश रावल की हॉरर-कॉमेडी ‘भूत बंगला’ पांचवें हफ्ते में भी सिनेमाघरों में टिकी हुई है। फिल्म ने शुक्रवार को ₹55 लाख की कमाई की। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म पहले ही हिट साबित हो चुकी है और भारत में ₹172 करोड़ का नेट कलेक्शन कर चुकी है। वहीं दुनियाभर में इसका ग्रॉस बिजनेस ₹257 करोड़ से ज्यादा पहुंच चुका है।
‘कृष्णावतारम् पार्ट 1’ करोड़ों से लाखों में पहुंची
भगवान कृष्ण की कथा पर आधारित ‘कृष्णावतारम् पार्ट 1’ की कमाई में लगातार गिरावट देखी जा रही है। शुक्रवार को फिल्म ने करीब ₹70 लाख का बिजनेस किया। 16 दिनों में इसका कुल नेट कलेक्शन ₹25 करोड़ के पार पहुंच चुका है, लेकिन भारी बजट के कारण फिल्म के लिए हिट का टैग हासिल करना मुश्किल माना जा रहा है।
‘धुरंधर 2’ को 1800 करोड़ क्लब का इंतजार
रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ अब भी बॉक्स ऑफिस पर चल रही है, लेकिन इसकी रफ्तार बेहद धीमी हो चुकी है। रिलीज के 65 दिन बाद भी फिल्म ₹1800 करोड़ के वर्ल्डवाइड आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी है। अब तक इसका वैश्विक ग्रॉस कलेक्शन ₹1799 करोड़ के करीब पहुंचा है। फिल्म जल्द ही OTT प्लेटफॉर्म JioHotstar पर रिलीज होने वाली है।
‘दृश्यम 3’ ने दूसरे दिन गंवाई रफ्तार
मोहनलाल स्टारर ‘दृश्यम 3’ हिंदी में रिलीज नहीं हुई है, लेकिन साउथ भाषाओं में इसे शानदार शुरुआत मिली थी। पहले दिन ₹15 करोड़ से ज्यादा कमाने वाली फिल्म ने दूसरे दिन करीब ₹11 करोड़ का बिजनेस किया। दो दिनों में इसका भारतीय नेट कलेक्शन ₹26 करोड़ से ज्यादा पहुंच चुका है, जबकि वर्ल्डवाइड फिल्म ₹76 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है।




