IPL 2026 के पहले क्वालिफायर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराकर लगातार दूसरे सीजन फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। अब गुजरात की टीम को फाइनल में पहुंचने के लिए क्वालिफायर-2 खेलना होगा, जहां उसका सामना एलिमिनेटर जीतने वाली टीम से होगा। एलिमिनेटर मुकाबला बुधवार को न्यू चंडीगढ़ में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा।
धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन बेंगलुरु के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 93 रन बनाए। उनकी पारी में 9 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। वहीं क्रुणाल पंड्या ने 28 गेंदों में 43 रन की अहम पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 95 रन की बड़ी साझेदारी हुई। विराट कोहली ने भी 43 रन का योगदान दिया, जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 30 रन बनाए। आखिर में जितेश शर्मा ने 5 गेंदों पर 15 रन जोड़कर स्कोर 250 के पार पहुंचाया।
255 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम शुरुआत से दबाव में दिखी। कप्तान शुभमन गिल महज 2 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि साई सुदर्शन 14 रन पर हिट-विकेट हो बैठे। जोस बटलर ने तेज 29 रन बनाकर उम्मीद जगाई, लेकिन उनका विकेट गिरते ही टीम पूरी तरह लड़खड़ा गई। 51 रन तक गुजरात ने अपने 5 विकेट गंवा दिए थे।
राहुल तेवतिया ने जरूर संघर्ष किया और 43 गेंदों में 68 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल थे, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिला। पूरी टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर सिमट गई।
बेंगलुरु की गेंदबाजी में जैकब डफी सबसे सफल रहे और उन्होंने 3 विकेट झटके। इसके अलावा क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार और रसिख सलाम ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, वेंकटेश अय्यर, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, जितेश शर्मा, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम।
इम्पैक्ट प्लेयर: रोमारियो शेफर्ड।
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल, साई सुदर्शन, जोस बटलर, वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, कुलवंत खेजरोलिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
इम्पैक्ट प्लेयर: राहुल तेवतिया।



