IPL 2026 के प्लेऑफ का रोमांच मंगलवार से शुरू हो रहा है। धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में क्वालिफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल का टिकट हासिल कर लेगी, जबकि हारने वाली टीम को एक और मौका मिलेगा। हालांकि मुकाबले पर मौसम का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार धर्मशाला में बारिश की संभावना करीब 80% है। अगर मैच बिना नतीजे के रद्द होता है, तो लीग स्टेज में टॉप पर रहने के कारण बेंगलुरु सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी।
क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम का पलड़ा भारी
IPL इतिहास में क्वालिफायर-1 जीतना काफी अहम माना जाता है। 2011 में प्लेऑफ फॉर्मेट लागू होने के बाद 15 में से 12 बार वही टीम चैंपियन बनी जिसने पहला क्वालिफायर जीता था। ऐसे में दोनों टीमें इस मुकाबले को हर हाल में अपने नाम करना चाहेंगी।
बराबरी पर है दोनों टीमों का रिकॉर्ड
RCB और गुजरात के बीच अब तक 8 IPL मुकाबले खेले गए हैं और दोनों ने 4-4 मैच जीते हैं। इस सीजन में भी दोनों टीमें दो बार भिड़ीं, जहां एक मैच बेंगलुरु और दूसरा गुजरात ने जीता।
विराट पर रहेगी सबसे ज्यादा नजर
बेंगलुरु की बल्लेबाजी इस सीजन काफी आक्रामक रही है। टीम 8 बार 200 से ज्यादा स्कोर बना चुकी है। विराट कोहली शानदार फॉर्म में हैं और 557 रन बना चुके हैं, जिसमें एक सेंचुरी और 4 फिफ्टी शामिल हैं। देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार ने भी लगातार रन बनाए हैं। वहीं गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने नई गेंद से टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई है।
मिडिल ऑर्डर बना RCB की चिंता
सीजन के शुरुआती मुकाबलों में RCB का मध्यक्रम अच्छा चला, लेकिन बाद के मैचों में लगातार बल्लेबाजी लड़खड़ाती दिखी। खासकर नंबर-4 से नीचे के बल्लेबाज बड़ी पारियां नहीं खेल पाए। जैकब बेथेल का फॉर्म भी टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
गुजरात की ताकत उसका टॉप ऑर्डर और तेज गेंदबाजी
गुजरात टाइटंस इस सीजन अपने मजबूत टॉप ऑर्डर और धारदार गेंदबाजी के दम पर प्लेऑफ तक पहुंची है। कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर लगातार रन बना रहे हैं। साई सुदर्शन 638 रन के साथ ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे हैं और 7 अर्धशतक लगा चुके हैं। गेंदबाजी में कगिसो रबाडा ने 24 विकेट लेकर विपक्षी टीमों को काफी परेशान किया है। राशिद खान भी 19 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।
लोअर ऑर्डर GT के लिए परेशानी
गुजरात का निचला क्रम इस सीजन ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाया। शेरफेन रदरफोर्ड के बाहर होने के बाद नंबर-4 और 5 की बल्लेबाजी कमजोर दिखी है। राहुल तेवतिया और शाहरुख खान पर फिनिशिंग की जिम्मेदारी रही, लेकिन दोनों निरंतर प्रदर्शन नहीं कर सके।
मैच के अहम मुकाबले
- विराट कोहली बनाम कगिसो रबाडा
रबाडा IPL में विराट को 4 बार आउट कर चुके हैं। धर्मशाला की तेज पिच पर यह भिड़ंत बेहद दिलचस्प रहेगी। - फिल साल्ट बनाम मोहम्मद सिराज
चोट के बाद वापसी कर रहे साल्ट को सिराज की स्विंग गेंदों का सामना करना होगा। सिराज उन्हें 2 बार आउट कर चुके हैं। - शुभमन गिल बनाम भुवनेश्वर कुमार
भुवनेश्वर की स्विंग गेंदबाजी गिल के लिए चुनौती बन सकती है। वे IPL में गिल को 5 बार पवेलियन भेज चुके हैं। - राशिद खान बनाम रजत पाटीदार
स्पिन के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करने वाले पाटीदार के सामने राशिद खान की परीक्षा होगी।
धर्मशाला की पिच पर जमकर बन रहे रन
HPCA स्टेडियम में इस सीजन बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला है। यहां खेले गए तीन मैचों की छह पारियों में से पांच बार 200 से ज्यादा स्कोर बना। सभी मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत दर्ज की।
संभावित प्लेइंग-11
बेंगलुरु: विराट कोहली, फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, टिम डेविड, वेंकटेश अय्यर, जितेश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड।
गुजरात: शुभमन गिल, साई सुदर्शन, जोस बटलर, वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कगिसो रबाडा।




