गुजरात की शुरुआत शानदार रही। कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए 125 रन जोड़कर चेन्नई के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। सुदर्शन ने 53 गेंदों पर 84 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें चौकों और छक्कों की बारिश देखने को मिली। गिल ने भी तेज अंदाज में 64 रन बनाए।
मिडिल ओवरों के बाद जोस बटलर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 27 गेंदों में नाबाद 57 रन ठोक दिए। वॉशिंगटन सुंदर ने भी अंत में तेजी से रन जुटाए, जिससे टीम 229 रन तक पहुंच गई।
चेन्नई की बल्लेबाजी शुरुआत से ही लड़खड़ाई
230 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई को पहला झटका मैच की शुरुआती गेंद पर ही लग गया, जब संजू सैमसन बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड ने कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन उनकी पारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी।
टीम के लिए शिवम दुबे ने जरूर तेजतर्रार बल्लेबाजी की और 17 गेंदों में 47 रन बनाकर मैच में वापसी की उम्मीद जगाई, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिला। मैथ्यू शॉर्ट ने 24 और अंशुल कंबोज ने 19 रन बनाए, मगर पूरी टीम 13.4 ओवर में ऑलआउट हो गई।
गुजरात के गेंदबाजों ने मचाया कहर
गुजरात की जीत में गेंदबाजों का भी बड़ा योगदान रहा। मोहम्मद सिराज ने शुरुआती विकेट निकालते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। कगिसो रबाडा और राशिद खान ने भी 3-3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर चेन्नई की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखेर दी।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, राहुल तेवतिया, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज।
चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), उर्विल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, मैथ्यू शॉर्ट, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, स्पेंसर जॉनसन, मुकेश चौधरी, गुरजपनीत सिंह।




