IPL 2026 : मुंबई vs पंजाब – वानखेड़े में आज हाई-वोल्टेज मुकाबला

IPL 2026 : मुंबई vs पंजाब – वानखेड़े में आज हाई-वोल्टेज मुकाबला

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में आज का मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है, जहां मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स आमने-सामने होंगी। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7:30 बजे खेला जाएगा, जबकि टॉस आधा घंटा पहले यानी 7:00 बजे होगा। दोनों टीमें इस सीजन में पहली बार भिड़ेंगी।

अगर पॉइंट्स टेबल की बात करें तो पंजाब किंग्स का पलड़ा इस वक्त भारी नजर आ रहा है। टीम ने अब तक खेले गए 4 मुकाबलों में से 3 में जीत हासिल की है और एक मैच बारिश के चलते रद्द रहा था। आज का मैच जीतते ही पंजाब टॉप पोजीशन पर पहुंच सकती है। वहीं मुंबई इंडियंस की शुरुआत कुछ खास नहीं रही है और टीम को 4 में से सिर्फ 1 मुकाबले में जीत मिली है।

हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो मुकाबला बेहद करीबी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 34 मैच खेले गए हैं, जिसमें मुंबई ने 17 और पंजाब ने 16 मैच जीते हैं। एक मुकाबला टाई रहा था, जिसे सुपर ओवर में पंजाब ने अपने नाम किया था। खास बात ये है कि वानखेड़े स्टेडियम में भी दोनों का रिकॉर्ड बराबरी का है, जहां 10 मैचों में दोनों टीमों ने 5-5 जीत दर्ज की है।

पिछले सीजन की बात करें तो पंजाब ने मुंबई के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था और दोनों मुकाबले अपने नाम किए थे। ऐसे में आज के मैच में मुंबई के पास बदला लेने का मौका रहेगा।

खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो मुंबई के लिए रोहित शर्मा बेहतरीन फॉर्म में हैं। उन्होंने 4 मैचों में 137 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 165 से ज्यादा रहा है। गेंदबाजी में शार्दूल ठाकुर ने 5 विकेट लेकर टीम को मजबूती दी है।

दूसरी ओर पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर बल्ले से कमाल कर रहे हैं। उन्होंने भी 4 मैचों में 137 रन बनाए हैं और दो अर्धशतक लगाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 187 से ज्यादा है। गेंदबाजी में विजयकुमार वैशाख ने 4 मैचों में 5 विकेट लेकर अच्छा योगदान दिया है।

पिच की बात करें तो वानखेड़े की सतह बल्लेबाजों के लिए काफी मददगार मानी जाती है। इस सीजन यहां खेले गए दोनों मैचों में 200 से ज्यादा स्कोर बने हैं। एक मुकाबले में मुंबई ने 220 रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया था, जबकि दूसरे में 240 रन का स्कोर डिफेंड किया गया था।

मौसम की स्थिति भी मैच के लिए अनुकूल रहने वाली है। मुंबई में गुरुवार को बारिश की कोई संभावना नहीं है और तापमान 24 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

संभावित प्लेइंग-11

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, मिचेल सैंटनर, शार्दूल ठाकुर, ट्रेंट बोल्ट, मयंक मार्कंडे, जसप्रीत बुमराह।
इम्पैक्ट प्लेयर: शेरफन रदरफोर्ड।

पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्या, श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, शशांक सिंह, मार्कस स्टोयनिस, मार्को यानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाख, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट प्लेयर: शशांक सिंह।