IPL 2026: लखनऊ की हार का सिलसिला जारी, राजस्थान की दमदार जीत

IPL 2026: लखनऊ की हार का सिलसिला जारी, राजस्थान की दमदार जीत

IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स का खराब दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। घरेलू मैदान इकाना पर टीम को लगातार सातवीं हार का सामना करना पड़ा, जब राजस्थान रॉयल्स ने उसे 40 रन से हरा दिया। लखनऊ पिछले एक साल से अपने घर में जीत दर्ज नहीं कर पाई है, जो टीम के लिए बड़ी चिंता का विषय है।

इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 159 रन बनाए। टीम की शुरुआत कमजोर रही और 62 रन तक चार विकेट गिर गए थे, लेकिन इसके बाद रवींद्र जडेजा ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 29 गेंदों पर नाबाद 43 रन बनाए और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी और 18 ओवर में 119 रन पर ढेर हो गई। मिचेल मार्श ने जरूर 55 रन की पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहे। कप्तान ऋषभ पंत, आयुष बडोनी और एडन मार्करम खाता भी नहीं खोल सके।

गेंदबाजी में राजस्थान के जोफ्रा आर्चर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। वहीं जडेजा ने बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी कमाल किया और निकोलस पूरन का अहम विकेट लिया, जिसके चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

राजस्थान की पारी में युवा वैभव सूर्यवंशी ज्यादा देर नहीं टिक सके और केवल 8 रन बनाकर आउट हो गए। लखनऊ की ओर से मोहम्मद शमी, मोहसिन खान और प्रिंस यादव ने 2-2 विकेट लिए।

इस जीत के साथ राजस्थान 7 मैचों में 5 जीत और 10 अंकों के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं लखनऊ 5 हार के साथ नौवें पायदान पर खिसक गई है, जबकि पंजाब किंग्स 11 अंकों के साथ शीर्ष पर बनी हुई है।