IPL 2026: MI vs LSG: हारते ही खत्म होगा मुंबई का सफर, लखनऊ के लिए भी आखिरी दांव

IPL 2026: MI vs LSG: हारते ही खत्म होगा मुंबई का सफर, लखनऊ के लिए भी आखिरी दांव

IPL में सोमवार को वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स आमने-सामने होंगी। मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। इस सीजन में दोनों टीमों की यह पहली भिड़ंत है और मुकाबला प्लेऑफ की दौड़ के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

पॉइंट्स टेबल पर नजर डालें तो दोनों टीमों के खाते में 8-8 अंक हैं, लेकिन स्थिति बेहद नाजुक है। अगर मुंबई अपने घरेलू मैदान पर हार जाती है, तो उसका प्लेऑफ का सपना यहीं खत्म हो जाएगा। वहीं लखनऊ के लिए भी यह मुकाबला “करो या मरो” जैसा है, जीत मिली तो उम्मीद जिंदा, हार के साथ दौड़ खत्म। हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में लखनऊ का पलड़ा भारी रहा है। अब तक खेले गए 8 मुकाबलों में LSG ने 6 बार जीत दर्ज की है, जबकि मुंबई सिर्फ 2 मैच ही जीत सकी है। वानखेड़े में भी लखनऊ ने बढ़त बनाए रखी है, जहां 3 में से 2 मुकाबले उसके नाम रहे हैं।

मुंबई की बल्लेबाजी इस सीजन में रायन रिकेल्टन के इर्द-गिर्द घूमती नजर आई है। उन्होंने 7 मैचों में तेज स्ट्राइक रेट के साथ 297 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। गेंदबाजी में अल्लाह गजनफर ने 11 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई है। दूसरी ओर लखनऊ की टीम में मिचेल मार्श और प्रिंस यादव फॉर्म में हैं। मार्श ने 8 मुकाबलों में 212 रन बनाए हैं, जबकि प्रिंस ने 13 विकेट लेकर गेंदबाजी में टीम को मजबूती दी है।

पिच रिपोर्ट की बात करें तो वानखेड़े की विकेट बल्लेबाजों के लिए मददगार रहती है। यहां खेले गए हालिया मैचों में बड़े स्कोर देखने को मिले हैं, 4 में से 3 मैचों में 200 से ज्यादा रन बने हैं। ऐसे में एक और हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद है। मौसम भी खेल के लिए अनुकूल रहेगा। तापमान 28 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है और बारिश की कोई संभावना नहीं है। हल्की से मध्यम हवाएं चल सकती हैं, जिससे खिलाड़ियों को ज्यादा परेशानी नहीं होगी।

टीम न्यूज में मुंबई के लिए राहत भरी खबर है। रोहित शर्मा की वापसी हो सकती है, जो पिछले महीने चोट के कारण बाहर हो गए थे। कप्तान हार्दिक पंड्या पहले ही उनके जल्द लौटने के संकेत दे चुके हैं।

संभावित प्लेइंग-11

मुंबई इंडियंस: रायन रिकेल्टन, विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), रॉबिन मिंज, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, अल्लाह गजनफर, शार्दूल ठाकुर, अश्विनी कुमार।

लखनऊ सुपर जायंट्स: ऐडन मार्करम, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (कप्तान), निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, मुकुल चौधरी, हिम्मत सिंह, जार्ज लिंडे, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी।