अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ा, ट्रम्प बोले- समझौता नहीं हुआ तो अगला कदम उठाएंगे

अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ा, ट्रम्प बोले- समझौता नहीं हुआ तो अगला कदम उठाएंगे

अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बड़ा बयान दिया है। व्हाइट हाउस में हुई कैबिनेट बैठक के दौरान ट्रम्प ने कहा कि ईरान लगातार समझौते की कोशिश कर रहा है, लेकिन अब तक अमेरिका प्रस्तावित डील से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर बातचीत सफल नहीं हुई तो अमेरिका दूसरे विकल्प अपनाने से पीछे नहीं हटेगा।

इसी बीच ईरानी सरकारी मीडिया ने दावा किया कि दोनों देशों के बीच समझौते का शुरुआती ड्राफ्ट तैयार हो चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रस्तावित समझौते में अमेरिका खाड़ी क्षेत्र से अपनी सैन्य गतिविधियां कम करेगा और समुद्री घेराबंदी हटाने पर विचार करेगा। बदले में होर्मुज स्ट्रेट में व्यापारिक जहाजों की आवाजाही सामान्य करने की बात कही गई है।

हालांकि व्हाइट हाउस ने ईरान के इन दावों को पूरी तरह गलत बताया। अमेरिकी प्रशासन ने कहा कि किसी भी तरह का आधिकारिक समझौता अभी अस्तित्व में नहीं है और ईरानी मीडिया झूठी खबरें फैला रहा है।

तनाव के बीच पिछले 24 घंटों में कई बड़े घटनाक्रम भी सामने आए। ईरान ने दावा किया कि उसने अमेरिकी MQ-9B और RQ-4 ड्रोन को निशाना बनाया, जबकि ईरानी सीमा में घुसे F-35 लड़ाकू विमान पर भी जवाबी कार्रवाई की गई। दूसरी ओर 88 दिनों बाद ईरान में इंटरनेट सेवाएं आंशिक रूप से बहाल हुईं। नेटब्लॉक्स के मुताबिक यह हाल के वर्षों का सबसे लंबा राष्ट्रीय इंटरनेट ब्लैकआउट रहा।

उधर इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा अधिकारियों के साथ अहम बैठक की, जिसमें लेबनान सीमा और हिजबुल्लाह की गतिविधियों पर चर्चा हुई। इसी दौरान अमेरिकी सेना ने होर्मुज स्ट्रेट के पास बारूदी सुरंगें बिछाने वाली ईरानी बोट्स और बंदर अब्बास स्थित मिसाइल ठिकानों पर कार्रवाई की। सेंटकॉम ने इसे आत्मरक्षा में उठाया गया कदम बताया।