आज के दौर में कई लोग अच्छी कमाई करने के बावजूद आर्थिक समस्याओं से छुटकारा नहीं पा रहे हैं। मेहनत के बाद भी पैसा हाथ में नहीं टिकता और धीरे-धीरे उधार व कर्ज का बोझ बढ़ने लगता है। वास्तु शास्त्र के मुताबिक घर में मौजूद नकारात्मक ऊर्जा और दिशाओं की अनदेखी इसकी बड़ी वजह हो सकती है। ऐसे में कुछ आसान वास्तु उपाय अपनाकर धन संबंधी परेशानियों को कम किया जा सकता है और आर्थिक मजबूती हासिल की जा सकती है।
घर के प्रवेश द्वार को रखें व्यवस्थित
वास्तु शास्त्र में मुख्य दरवाजे को सकारात्मक ऊर्जा का सबसे बड़ा स्रोत माना गया है। अगर घर के बाहर गंदगी या बिखराव रहता है तो इसका असर आर्थिक स्थिति पर भी पड़ सकता है। इसलिए मुख्य द्वार की नियमित सफाई करें और समय-समय पर गंगाजल का छिड़काव करें। दरवाजे पर शुभ चिन्ह जैसे स्वास्तिक या ऊँ बनाना लाभकारी माना जाता है। वहीं, तोरण लगाने से घर में सुख-समृद्धि का माहौल बना रहता है।
उत्तर दिशा को न करें नजरअंदाज
वास्तु में उत्तर दिशा को धन के देवता कुबेर की दिशा माना गया है। इस हिस्से को साफ और हल्का रखना शुभ माना जाता है। तिजोरी या नकदी रखने की जगह भी इसी दिशा में होना लाभदायक बताया गया है। तिजोरी में लाल रंग का कपड़ा रखने और कुबेर यंत्र स्थापित करने से आर्थिक परेशानियां कम होने की मान्यता है।
रसोईघर की व्यवस्था भी है जरूरी
घर का किचन सिर्फ भोजन बनाने की जगह नहीं बल्कि आर्थिक ऊर्जा से भी जुड़ा माना जाता है। वास्तु के अनुसार रसोईघर दक्षिण-पूर्व दिशा में होना सबसे अच्छा माना जाता है। किचन में गंदगी या टूटा-फूटा सामान रखने से नकारात्मक प्रभाव बढ़ सकता है। इसलिए रसोई को हमेशा साफ और व्यवस्थित रखना चाहिए।
नमक के उपाय से दूर होगी नकारात्मकता
समुद्री नमक को वास्तु में नकारात्मक ऊर्जा दूर करने का आसान उपाय माना गया है। घर के अलग-अलग कमरों में नमक से भरी छोटी कटोरी रखने से वातावरण सकारात्मक बना रहता है। इसके अलावा सप्ताह में कम से कम एक बार नमक मिले पानी से पोछा लगाने से भी घर में सुख-शांति और आर्थिक स्थिरता आने की मान्यता है।




