कान्स में पंजाबी शान का जलवा, सिर पर पल्लू ओढ़ Roopinder Kaur Gill ने जीता दिल, सादगी के आगे फीका पड़ा ग्लैमर

कान्स में पंजाबी शान का जलवा, सिर पर पल्लू ओढ़ Roopinder Kaur Gill ने जीता दिल, सादगी के आगे फीका पड़ा ग्लैमर

79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में इस बार सिर्फ बॉलीवुड सितारों का ही नहीं, बल्कि पंजाबी इंडस्ट्री का भी खास जलवा देखने को मिला। आलिया भट्ट और उर्वशी रौतेला के बाद अब पंजाबी अभिनेत्री रुपिंदर कौर गिल ने अपने रॉयल देसी अंदाज से सबका ध्यान खींच लिया। रेड कार्पेट पर जैसे ही उन्होंने सिर पर पल्लू रखकर एंट्री ली, हर कोई उनकी खूबसूरती और संस्कारी लुक का दीवाना हो गया।

रुपिंदर ने अपने कान्स डेब्यू के लिए डिजाइनर मनीषा के लेबल ‘पीतांबरा’ की खास कस्टम आउटफिट पहनी थी। आइवरी शेड में तैयार इस ड्रेस में पंजाब की मिट्टी, परंपरा और शाही विरासत की झलक साफ दिखाई दी। यही वजह रही कि उनका पूरा लुक किसी महारानी से कम नहीं लगा।

उनकी ड्रेस का डिजाइन ट्रेडिशनल पंजाबी स्टाइल से इंस्पायर्ड था। फ्लेयर्ड अनारकली स्कर्ट, एम्ब्रॉयडर्ड पैंट्स और फुल स्लीव्स वाली फिटेड चोली ने उनके लुक को बेहद एलिगेंट बना दिया। आउटफिट में मॉडर्न और ट्रेडिशनल पंजाबी फैशन का शानदार मेल नजर आया।

सबसे ज्यादा आकर्षण उनके डबल दुपट्टे ने खींचा। एक दुपट्टा उन्होंने सिर पर घूंघट की तरह कैरी किया, जिसने पूरे लुक में रॉयल टच जोड़ दिया। वहीं दूसरा दुपट्टा कंधों और बाजुओं के चारों ओर बेहद ग्रेसफुल तरीके से ड्रेप किया गया था। दोनों दुपट्टों पर गोल्ड जरदोजी, फुलकारी स्टाइल मोटिफ्स और गेहूं की बालियों से प्रेरित कढ़ाई की गई थी।

इस खास एम्ब्रॉयडरी के पीछे भी एक गहरा संदेश छिपा था। गेहूं के डिजाइन पंजाब की खेती, संस्कृति और ‘अन्न भंडार’ की पहचान को दर्शा रहे थे। पारंपरिक डोरी वर्क और हैंडक्राफ्टेड तकनीक से तैयार ये कढ़ाई आउटफिट को और खास बना रही थी।

रुपिंदर की चोली की स्लीव्स पर पंजाबी में ‘ਚੜ੍ਹਦੀ ਕਲਾ’ लिखा था, जिसका अर्थ है हमेशा सकारात्मक और मजबूत बने रहना। सिख और पंजाबी संस्कृति में इस शब्द का बेहद खास महत्व माना जाता है। ऐसे में इस मैसेज ने उनके फैशन को सिर्फ स्टाइल नहीं, बल्कि संस्कृति से जुड़ा एक खूबसूरत भाव बना दिया।

जूलरी की बात करें तो उन्होंने Golecha’s की शानदार कुंदन और एमराल्ड जूलरी के साथ अपने लुक को पूरा किया। मल्टी लेयर नेकपीस, स्टेटमेंट ईयररिंग्स, हाथों में कड़ा और पर्ल डिटेलिंग वाला हाथफूल उनके शाही अंदाज को और निखार गया। एम्ब्रॉयडरी वाली जूतियों ने उनके पूरे लुक में चार चांद लगा दिए।