भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले ली है। नंदीग्राम और भवानीपुर में शानदार जीत के बाद वे राज्य की राजनीति का सबसे बड़ा चेहरा बनकर उभरे हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद अब उनकी संपत्ति और कमाई को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
कितनी संपत्ति के मालिक हैं शुभेंदु अधिकारी?
विधानसभा चुनाव के दौरान दाखिल किए गए हलफनामे के अनुसार शुभेंदु अधिकारी की कुल घोषित संपत्ति करीब ₹85.87 लाख है। इसमें चल और अचल दोनों तरह की संपत्तियां शामिल हैं।
जमीन और मकानों में बड़ा निवेश
उनकी अचल संपत्तियों की कीमत लगभग ₹61.30 लाख बताई गई है। इसमें कृषि भूमि, गैर कृषि जमीन और तीन रिहायशी संपत्तियां शामिल हैं। ज्यादातर प्रॉपर्टी पूर्वी मेदिनीपुर इलाके में मौजूद हैं।
बैंक बैलेंस और सेविंग्स
चल संपत्ति की बात करें तो इसकी कुल कीमत करीब ₹24.57 लाख है। इसमें बैंक डिपॉजिट, एलआईसी पॉलिसी, सरकारी बचत योजनाएं और लगभग ₹12 हजार नकद शामिल हैं।
कहां से होती है कमाई?
एफिडेविट के मुताबिक उनकी आय का बड़ा हिस्सा विधायक के तौर पर मिलने वाली सैलरी और भत्तों से आता है। इसके अलावा उन्हें पूर्व सांसद होने के कारण पेंशन का लाभ भी मिलता है। बिजनेस और निवेश को भी उनकी कमाई का अहम जरिया बताया गया है।
सालाना आय में तेजी से बढ़ोतरी
इनकम टैक्स रिटर्न के मुताबिक शुभेंदु अधिकारी ने 2024-25 में करीब ₹17.38 लाख की सालाना आय घोषित की है। इससे पहले 2020-21 में उनकी आय करीब ₹8.13 लाख थी।
ना गाड़ी, ना गहनों का जिक्र
हलफनामे की खास बात यह है कि उनके नाम पर किसी कार, बाइक या सोने-चांदी के गहनों का जिक्र नहीं किया गया है। साथ ही उन पर किसी बैंक लोन या सरकारी देनदारी की जानकारी भी सामने नहीं आई।




