IPL 2026 के क्वालिफायर-2 मुकाबले में आज राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी। इस मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम सीधे फाइनल में जगह बना लेगी, जबकि हारने वाली टीम का सफर यहीं खत्म हो जाएगा। मुकाबले से पहले सबसे ज्यादा चर्चा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की हो रही है, जिन्होंने एलिमिनेटर मैच में तूफानी बल्लेबाजी कर सभी का ध्यान खींचा था।
सिर्फ 15 साल के सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 97 रन की विस्फोटक पारी खेली थी, जिसमें उन्होंने 12 बड़े छक्के लगाए। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने राजस्थान को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या वह गुजरात जैसी मजबूत गेंदबाजी लाइनअप के सामने भी वही प्रदर्शन दोहरा पाएंगे।
गुजरात टाइटंस की गेंदबाजी इस सीजन की सबसे संतुलित मानी जा रही है। टीम के पास कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, राशिद खान, प्रसिद्ध कृष्णा और जेसन होल्डर जैसे अनुभवी गेंदबाज हैं, जो किसी भी बल्लेबाजी क्रम को दबाव में ला सकते हैं। खासकर सिराज ने पिछले मुकाबले में सूर्यवंशी को शॉर्ट गेंद पर आउट किया था।
हालांकि गुजरात के खिलाफ वैभव का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने इस टीम के विरुद्ध तीन मैचों में 168 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 233 से ज्यादा का रहा है। इन पारियों में उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के लगाए हैं। यही वजह है कि आज के मैच में भी राजस्थान की उम्मीदें काफी हद तक उन्हीं पर टिकी रहेंगी।
राजस्थान की टीम फिलहाल वैभव सूर्यवंशी और जोफ्रा आर्चर के प्रदर्शन पर काफी निर्भर नजर आ रही है। आर्चर ने इस सीजन में 24 विकेट लिए हैं और हैदराबाद के खिलाफ भी तेज गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों को परेशान किया था। वहीं कप्तान रियान पराग और ध्रुव जुरेल ने भी बीच के ओवरों में उपयोगी योगदान दिया है।
दूसरी ओर गुजरात की बल्लेबाजी में साई सुदर्शन, शुभमन गिल और जोस बटलर मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। सुदर्शन के पास ऑरेंज कैप हासिल करने का मौका भी है। हालांकि पिछले मैच में गुजरात का टॉप ऑर्डर जल्दी बिखर गया था, जिसके कारण टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी थी। मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां हाल के मुकाबलों में 200 से ज्यादा रन आसानी से बने हैं। हालांकि तेज गेंदबाजों को भी नई गेंद से मदद मिल सकती है। ऐसे में शुरुआती ओवर दोनों टीमों के लिए बेहद अहम रहेंगे।
मौसम भी इस मुकाबले में बड़ा फैक्टर बन सकता है। न्यू चंडीगढ़ में बारिश की संभावना जताई गई है। अगर मैच बारिश के कारण रद्द होता है तो लीग स्टेज में बेहतर स्थिति होने के कारण गुजरात टाइटंस फाइनल में पहुंच जाएगी। खास बात यह है कि इस मैच के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है।
हेड-टु-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो गुजरात का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच अब तक 10 मुकाबले हुए हैं, जिनमें गुजरात ने 7 मैच जीते हैं, जबकि राजस्थान को 3 जीत मिली हैं। हालांकि इस सीजन दोनों टीमें एक-दूसरे को एक-एक बार हरा चुकी हैं।
संभावित प्लेइंग-12
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल, रियान पराग, डोनोवन फरेरा, दासुन शनाका, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, यश राज पुंजा, बृजेश शर्मा, सुशांत मिश्रा।
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल, साई सुदर्शन, जोस बटलर, वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, जेसन होल्डर, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलवंत खेजरोलिया।



