फैमिली ड्रामा पसंद करने वाले दर्शकों के लिए अच्छी खबर है। लंबे इंतजार के बाद लोकप्रिय वेब सीरीज ‘गुल्लक’ अपने पांचवें सीजन के साथ लौट रही है। इस बार भी मिश्रा परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी, रिश्तों की गर्माहट और हल्के-फुल्के हास्य से भरपूर कहानी दर्शकों का मनोरंजन करेगी।
नए सीजन की झलक में दिखाया गया है कि मिश्रा परिवार समय के साथ बदल रहा है। घर में नया रंग-रोगन हुआ है और आधुनिक सुविधाओं की एंट्री भी देखने को मिलती है। हालांकि बदलते माहौल के बावजूद परिवार के संस्कार और आपसी जुड़ाव पहले जैसे ही बने हुए हैं। सीरीज की कहानी एक बार फिर आम भारतीय परिवार की छोटी-छोटी खुशियों, नोकझोंक, खाने की टेबल पर होने वाली चर्चाओं और भावुक पलों के इर्द-गिर्द घूमेगी। यही सादगी ‘गुल्लक’ को दर्शकों के बीच खास बनाती है।
रिलीज डेट की बात करें तो ‘गुल्लक’ का पांचवां सीजन 5 जून 2026 से OTT प्लेटफॉर्म Sony LIV पर स्ट्रीम किया जाएगा। दर्शक इस दिन से सभी नए एपिसोड देख सकेंगे। इस बार कलाकारों की टीम में एक महत्वपूर्ण बदलाव भी किया गया है। अन्नू मिश्रा के किरदार में अब अनंत वी. जोशी नजर आएंगे। उन्होंने वैभव राज गुप्ता की जगह ली है, जो पिछले सीजन्स में इस भूमिका को निभाते रहे थे।
बाकी प्रमुख कलाकारों में जमील खान संतोष मिश्रा, गीतांजलि कुलकर्णी शांति मिश्रा, हर्ष मयार अमन मिश्रा और सुनीता राजवार बिट्टू की मम्मी के किरदार में दिखाई देंगी। इसके अलावा शिवांकित सिंह परिहार, गोपाल दत्त, मनुज शर्मा और हेली शाह भी सीरीज का हिस्सा बने रहेंगे।
‘गुल्लक 5’ से एक बार फिर दर्शकों को परिवार, रिश्तों और जिंदगी की छोटी-छोटी बातों से जुड़ी दिलचस्प कहानियां देखने को मिलेंगी।




