बिजली मंत्री स.तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार धान की बुआई के दौरान किसानों को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए पूरी तैयारी कर चुकी है। उन्होंने बताया कि पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने राज्यभर में बिजली ढांचे को मजबूत करने और कृषि फीडरों की निगरानी के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
बिजली मंत्री ने जानकारी दी कि सरकार द्वारा जारी शेड्यूल के तहत अलग-अलग जिलों में चरणबद्ध तरीके से धान सीजन के लिए बिजली सप्लाई शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि 1 जून से सीमावर्ती और दोआबा क्षेत्र के कई जिलों में किसानों को तय समय के अनुसार बिजली मिलनी शुरू होगी, जबकि अन्य जिलों में यह व्यवस्था जून के पहले सप्ताह में लागू कर दी जाएगी।
सरकार का दावा है कि प्रत्येक कृषि मोटर कनेक्शन को प्रतिदिन कम से कम 8 घंटे बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी ताकि किसान धान की रोपाई और सिंचाई का काम बिना रुकावट पूरा कर सकें। मंत्री ने कहा कि खेती के इस महत्वपूर्ण सीजन में बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए ट्रांसफार्मरों, तारों और सब-स्टेशनों की पहले ही जांच और मरम्मत कर ली गई है।
तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि राज्यभर में PSPCL की विशेष टीमें तैनात की गई हैं, जो 24 घंटे फील्ड में रहकर तकनीकी खराबियों का तुरंत समाधान करेंगी। उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर फुंकने, लाइन फॉल्ट या अन्य बिजली संबंधी शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम और शिकायत निवारण तंत्र को भी सक्रिय किया गया है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे बिजली का सही तरीके से उपयोग करें और विभाग द्वारा तय किए गए शेड्यूल का पालन करें, ताकि पूरे राज्य में संतुलित ढंग से सप्लाई दी जा सके। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं आने देगी और धान सीजन को सफल बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
बिजली मंत्री ने कहा कि पंजाब के किसान देश की खाद्य सुरक्षा की रीढ़ हैं और राज्य सरकार उनकी जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए कृषि क्षेत्र के लिए मजबूत बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने में लगातार काम कर रही है।




