पंजाब में निवेश लाने के मिशन पर CM भगवंत मान, नीदरलैंड में करेंगे वैश्विक कंपनियों से अहम वार्ता

पंजाब में निवेश लाने के मिशन पर CM भगवंत मान, नीदरलैंड में करेंगे वैश्विक कंपनियों से अहम वार्ता

पंजाब सरकार राज्य की औद्योगिक प्रगति को तेज करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री भगवंत मान हाल ही में नीदरलैंड के दौरे पर पहुंचे हैं, जहां उनका उद्देश्य विदेशी निवेश को आकर्षित करना और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ सहयोग को मजबूत करना है।

अपने इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री एम्स्टर्डम में कई बड़े उद्योगपतियों और मल्टीनेशनल कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में खासतौर पर फूड प्रोसेसिंग, लॉजिस्टिक्स, स्टील, फार्मा और आईटी जैसे क्षेत्रों में निवेश के नए अवसरों पर चर्चा की जाएगी। उनके साथ उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा और मुख्य सचिव केएपी सिन्हा भी मौजूद हैं।

नीदरलैंड पहुंचने पर भारत के राजदूत कुमार तुहीन ने उनका स्वागत किया। यह दौरा करीब एक सप्ताह का बताया जा रहा है, जिसमें कई महत्वपूर्ण बिजनेस मीटिंग्स और निवेश से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।

गौरतलब है कि नीदरलैंड पहले से ही भारत में प्रमुख निवेशकों में शामिल है और कई डच कंपनियां पंजाब में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। खासकर कृषि और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है, जिसमें इंडो-डच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जैसी पहलें अहम भूमिका निभा रही हैं।