भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पंजाब में अपराधियों का राज, CM मान तुरंत इस्तीफा दें : तरुण चुघ ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री भगवंत मान को सीधे निशाने पर लिया। रोपड़ में आयोजित एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए चुघ ने आरोप लगाया कि पंजाब में अपराध, गैंगस्टर गतिविधियां और नशा तस्करी लगातार बढ़ रही है, जबकि सरकार हालात संभालने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में मजीठा के पास पंजाब पुलिस के कर्मचारी जोगा सिंह की हत्या और कपूरथला सेंट्रल जेल में हुई हिंसक घटना ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चुघ ने कहा कि जब पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तब आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पंजाब में गैंगस्टरों का नेटवर्क लगातार मजबूत हो रहा है और अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि जेलों के भीतर से अपराधी गिरोह अपना नेटवर्क चला रहे हैं और राज्य सरकार इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।
तरुण चुघ ने नशे के मुद्दे पर भी मान सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार जमीनी कार्रवाई के बजाय केवल प्रचार और सर्वे तक सीमित है। उन्होंने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की जिम्मेदारी पुलिस और विशेष एजेंसियों की है, लेकिन वर्तमान में सरकारी मशीनरी राजनीतिक गतिविधियों में अधिक व्यस्त दिखाई दे रही है।
उन्होंने शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाए जाने पर भी सवाल उठाए। चुघ ने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों में युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए शिक्षकों का इस्तेमाल होना चाहिए, लेकिन उन्हें घर-घर सर्वे और अन्य प्रशासनिक कामों में लगाया जा रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
सभा के दौरान भाजपा नेताओं ने दावा किया कि पंजाब की जनता अब बदलाव चाहती है और राज्य में कानून व्यवस्था, रोजगार तथा नशे के मुद्दों पर सरकार से जवाब मांग रही है। चुघ ने कहा कि पंजाब जैसे सीमावर्ती राज्य में मजबूत प्रशासन और सख्त सुरक्षा व्यवस्था बेहद जरूरी है, लेकिन मौजूदा सरकार इन मोर्चों पर कमजोर साबित हुई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की और कहा कि यदि सरकार हालात नियंत्रित नहीं कर पा रही, तो उसे जनता के सामने जवाब देना चाहिए।




