एक्शन फिल्मों के दीवानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे इंतजार के बाद जॉन अब्राहम की पॉपुलर फ्रैंचाइज़ी ‘फोर्स’ का तीसरा भाग अब बनने जा रहा है। ‘फोर्स 3’ की शूटिंग शुरू हो चुकी है और मेकर्स इसे पहले से कहीं ज्यादा बड़े स्तर पर तैयार कर रहे हैं। फिल्म को 19 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है।
इस बार फिल्म में सिर्फ पुरानी कहानी को आगे बढ़ाने की बजाय कई नए ट्विस्ट और किरदार भी जोड़े गए हैं। जॉन अब्राहम एक बार फिर एसीपी यशवर्धन सिंह के दमदार रोल में नजर आएंगे। उनके साथ हर्षवर्धन राणे और तान्या मानिकतला अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। खास बात यह है कि हर्षवर्धन का किरदार अभी तक पूरी तरह सामने नहीं आया है, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी भाव धुलिया संभाल रहे हैं, जो इससे पहले ‘खाकी: द बिहार चैप्टर’ और ‘द फ्रीलांसर’ जैसी चर्चित सीरीज बना चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि वह ‘फोर्स’ के पहले भाग में दिवंगत निर्देशक निशिकांत कामत के साथ काम कर चुके हैं, जिससे उनका इस फ्रैंचाइज़ी से पुराना जुड़ाव भी है।
निर्माता शील कुमार और जॉन अब्राहम इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्साहित हैं। जॉन का कहना है कि ‘फोर्स’ उनके दिल के बेहद करीब है और इस बार फिल्म को और ज्यादा बड़े पैमाने पर पेश किया जाएगा। उन्होंने हर्षवर्धन राणे को लेकर भी भरोसा जताया है और उन्हें एक नए एक्शन स्टार के रूप में देखने की बात कही है।
फिल्म की तकनीकी टीम भी काफी मजबूत है। इसकी कहानी सिमाब हाशमी ने लिखी है, जबकि संगीत रवि बसरूर ने दिया है और गाने इरशाद कामिल ने लिखे हैं। ‘फोर्स 3’ का निर्माण जेए एंटरटेनमेंट और कैरोलिना कॉर्पोरेशन के बैनर तले किया जा रहा है।
हर्षवर्धन राणे और तान्या मानिकतला ने भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने पर खुशी जाहिर की है। दोनों कलाकारों का कहना है कि यह फिल्म उनके करियर के लिए खास साबित हो सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘फोर्स 3’ अपने पिछले पार्ट्स की तरह बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा पाती है या नहीं।




