तुर्किये में स्कूलों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, क्योंकि दो दिनों के भीतर दूसरी बार गोलीबारी की घटना सामने आई है। बुधवार को एक मिडिल स्कूल में 13 साल के छात्र ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक शिक्षक सहित 9 छात्रों की जान चली गई। करीब 13 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर है।
घटना के बाद हमलावर छात्र ने खुद को भी गोली मार ली। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, वह आठवीं कक्षा का छात्र था और अपने बैग में पांच हथियार व सात मैगजीन लेकर स्कूल पहुंचा था। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि ये हथियार उसके पिता के हो सकते हैं, जो पहले पुलिस विभाग में कार्यरत थे। बताया गया कि छात्र स्कूल के भीतर दो अलग-अलग कक्षाओं में घुसा और वहां पढ़ रहे बच्चों पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। फायरिंग के दौरान स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। कई बच्चों ने जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से कूदने तक का जोखिम उठाया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो में छात्रों को भागते और इमारत से कूदते हुए देखा जा सकता है, हालांकि इन फुटेज की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर जांच शुरू कर दी गई है। न्याय मंत्री ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
एक दिन पहले भी हुआ था हमला
इस घटना से ठीक एक दिन पहले, मंगलवार को तुर्किये के सनलिउरफा प्रांत में भी स्कूल में गोलीबारी हुई थी। वहां एक 18 वर्षीय युवक, जो उसी स्कूल का पूर्व छात्र था, शॉटगन लेकर परिसर में घुस गया और फायरिंग कर दी। इस हमले में 16 लोग घायल हुए थे, जिनमें छात्र, शिक्षक और अन्य कर्मचारी शामिल थे।
हमले के बाद आरोपी स्कूल के अंदर ही छिप गया था। पुलिस ने इलाके को घेरकर ऑपरेशन चलाया, लेकिन सरेंडर करने से इनकार करने पर उसने खुद को गोली मार ली। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं ने पूरे देश में चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि तुर्किये में स्कूलों में इस तरह की घटनाएं आम नहीं मानी जातीं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं और जांच एजेंसियां दोनों मामलों की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।



