देश के कई हिस्सों में पड़ रही तेज गर्मी लोगों की सेहत पर बुरा असर डाल रही है। लगातार बढ़ते तापमान, लू और शरीर में पानी की कमी के कारण इन दिनों नकसीर यानी नाक से खून आने की शिकायत तेजी से बढ़ रही है। खासतौर पर बच्चे, बुजुर्ग, हाई ब्लड प्रेशर के मरीज और धूप में ज्यादा समय बिताने वाले लोग इसकी चपेट में जल्दी आ सकते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, गर्म और सूखी हवा नाक के अंदर मौजूद बेहद पतली रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचाती है। जब ये नसें सूख जाती हैं तो हल्की रगड़ या गर्मी के दबाव से फट सकती हैं, जिससे अचानक खून निकलने लगता है। शरीर में पानी की कमी, एलर्जी, बार-बार नाक साफ करना और तेज गर्म वातावरण भी इस परेशानी को बढ़ा सकते हैं।
अगर किसी व्यक्ति की नाक से अचानक खून आने लगे तो घबराने की जरूरत नहीं है। सबसे पहले उसे आराम से बैठाएं और सिर को हल्का आगे की तरफ झुकाएं ताकि खून गले में न जाए। इसके बाद नाक के नरम हिस्से को उंगलियों से करीब 10 से 15 मिनट तक दबाकर रखें। नाक और माथे पर बर्फ या ठंडी पट्टी रखने से भी राहत मिल सकती है। साथ ही शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है, इसलिए पानी, नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी का सेवन करते रहें।
डॉक्टरों का कहना है कि नकसीर के दौरान कुछ गलतियां स्थिति को और खराब कर सकती हैं। जैसे सिर पीछे की ओर झुका लेना, नाक में उंगली डालना, जोर-जोर से छींकना या तुरंत लेट जाना नुकसानदायक हो सकता है। इससे खून पेट में जा सकता है और उल्टी या सांस लेने में परेशानी हो सकती है।
यदि नाक से बार-बार खून आए, काफी देर तक बंद न हो या साथ में चक्कर और कमजोरी महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से जांच करवानी चाहिए। गर्मियों में थोड़ी सावधानी और सही देखभाल अपनाकर नकसीर की समस्या से काफी हद तक बचा जा सकता है।
Photo: Shutterstock




