राम चरण की स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा फिल्म ‘पेद्दी’ सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के बाद से ही फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है और बॉक्स ऑफिस पर इसकी रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही। महज दो दिनों में फिल्म ने भारत के साथ-साथ विदेशों में भी ताबड़तोड़ कमाई दर्ज की है।
दो दिन में 150 करोड़ के पार पहुंची फिल्म
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने रिलीज से पहले हुए पेड प्रीव्यू से करीब 18.50 करोड़ रुपये जुटाए थे। इसके बाद पहले दिन 51 करोड़ रुपये की दमदार ओपनिंग मिली। वहीं दूसरे दिन भी फिल्म की कमाई मजबूत रही और इसने लगभग 26.90 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
इसी के साथ भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 96.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस इंडिया कलेक्शन करीब 114.49 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। दुनियाभर की कमाई की बात करें तो ‘पेद्दी’ ने सिर्फ दो दिनों में 150.49 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।
दिनवार कमाई का हिसाब
- पेड प्रीव्यू: 18.50 करोड़ रुपये
- पहला दिन: 51 करोड़ रुपये
- दूसरा दिन: 26.90 करोड़ रुपये
- कुल नेट इंडिया कलेक्शन: 96.40 करोड़ रुपये
- वर्ल्डवाइड कलेक्शन: 150.49 करोड़ रुपये
क्या है फिल्म की खासियत?
‘पेद्दी’ एक तेलुगु स्पोर्ट्स-एक्शन ड्रामा है, जिसका निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है। फिल्म में राम चरण मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ जाह्नवी कपूर, शिव राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु शर्मा और बोमन ईरानी जैसे कलाकार भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्माण वृद्धि सिनेमाज के बैनर तले किया गया है, जबकि इसे माइथ्री मूवी मेकर्स और सुकुमार राइटिंग्स द्वारा प्रस्तुत किया गया है। दमदार कहानी, एक्शन और भावनात्मक स्पोर्ट्स ड्रामा के मिश्रण ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में बड़ी भूमिका निभाई है।




