व्हाइट हाउस के पास ताबड़तोड़ फायरिंग, ट्रम्प थे अंदर मौजूद; हमलावर ढेर

व्हाइट हाउस के पास ताबड़तोड़ फायरिंग, ट्रम्प थे अंदर मौजूद; हमलावर ढेर

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के नजदीक देर रात अचानक गोलियों की आवाज से हड़कंप मच गया। घटना उस वक्त हुई जब अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत इलाके को घेर लिया और जवाबी कार्रवाई में संदिग्ध हमलावर को मार गिराया।

जानकारी के अनुसार, फायरिंग 17th स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू NW के पास हुई, जो व्हाइट हाउस से करीब एक ब्लॉक दूर बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कई राउंड गोलियां चलने की बात कही। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक हमलावर ने सिक्योरिटी चेकपॉइंट को निशाना बनाया था, जहां सीक्रेट सर्विस के जवान तैनात थे।

सुरक्षाबलों की जवाबी फायरिंग में संदिग्ध घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी पहचान 21 वर्षीय नासिर बेस्ट के रूप में हुई है, जो मैरीलैंड का रहने वाला बताया गया। घटना में एक आम नागरिक भी घायल हुआ है, हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि उसे हमलावर की गोली लगी या क्रॉस फायरिंग में चोट आई।

घटना के बाद पूरे व्हाइट हाउस परिसर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। पत्रकारों, स्टाफ और अन्य कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। करीब 40 मिनट तक इलाके में लॉकडाउन जैसे हालात बने रहे और एजेंट्स ने हथियारों के साथ पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नासिर बेस्ट पहले भी कई बार व्हाइट हाउस के आसपास देखा जा चुका था। उस पर अदालत की ओर से प्रतिबंध लगाया गया था कि वह उस इलाके में नहीं आए, लेकिन उसने आदेश की अनदेखी की। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले उसे मानसिक स्वास्थ्य उपचार के लिए भी भेजा गया था।

रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि गिरफ्तारी के दौरान उसने खुद को “आज का जीजस” बताया था। अधिकारियों के मुताबिक वह जानबूझकर गिरफ्तार होना चाहता था और कई बार संदिग्ध हरकतें कर चुका था। इसी बीच कुछ दिन पहले ट्रम्प की बेटी Ivanka Trump को भी कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिली थी। इस मामले में एक इराकी युवक को गिरफ्तार किया गया था, जिसके पास इवांका और उनके पति Jared Kushner के फ्लोरिडा स्थित घर का नक्शा मिला था।

फायरिंग के बाद Federal Bureau of Investigation, सीक्रेट सर्विस और अन्य एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी। एफबीआई डायरेक्टर Kash Patel ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू की जांच कर रही हैं और पूरे इलाके की निगरानी बढ़ा दी गई है। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रम्प ने सुरक्षा एजेंसियों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि जवानों ने तेजी और पेशेवर तरीके से कार्रवाई की, जिसकी वजह से बड़ा खतरा टल गया। ट्रम्प ने यह भी कहा कि वॉशिंगटन डीसी में राष्ट्रपति सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है।

इससे पहले अप्रैल में व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान भी फायरिंग की घटना सामने आई थी। वहीं जुलाई 2024 में पेंसिल्वेनिया की चुनावी रैली में ट्रम्प पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें गोली उनके कान को छूते हुए निकल गई थी।