पंजाब के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब भविष्य के करियर चयन को लेकर भटकना नहीं पड़ेगा। राज्य सरकार स्कूल शिक्षा व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए ऐसा करियर गाइडेंस सिस्टम विकसित करने जा रही है, जो छात्रों को उनकी रुचि, योग्यता और भविष्य की संभावनाओं के अनुसार सही दिशा दिखाएगा। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को उच्च शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों से बेहतर तरीके से जोड़ना है।
स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से तैयार किए जा रहे इस नए मॉडल के तहत विद्यार्थियों को स्कूल स्तर से लेकर जिला स्तर तक व्यवस्थित काउंसलिंग सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके साथ ही एक केंद्रीकृत हेल्पलाइन और डिजिटल प्लेटफॉर्म भी विकसित किया जाएगा, जहां छात्र अपनी शैक्षणिक और करियर संबंधी शंकाओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
हर स्कूल में बनेंगे करियर मार्गदर्शक शिक्षक
योजना के तहत प्रत्येक सरकारी हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कम से कम दो शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण देकर करियर गाइडेंस कोऑर्डिनेटर बनाया जाएगा। ये शिक्षक विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों और उच्च शिक्षा संस्थानों के बारे में जानकारी देंगे।
सरकार का मानना है कि विद्यार्थियों को शुरुआती स्तर पर ही उचित मार्गदर्शन मिलने से गलत विषय चयन, पढ़ाई बीच में छोड़ने और रोजगार संबंधी असमंजस जैसी समस्याओं को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।
राज्यभर में शुरू होगी करियर हेल्पलाइन
विद्यार्थियों को घर बैठे विशेषज्ञ सलाह उपलब्ध कराने के लिए राज्य स्तरीय करियर हेल्पलाइन स्थापित की जाएगी। यह सेवा सप्ताह में छह दिन उपलब्ध रहेगी और प्रशिक्षित काउंसलरों की टीम छात्रों के सवालों का जवाब देगी। जरूरत पड़ने पर मामलों को विशेषज्ञ सलाहकारों तक भी भेजा जाएगा ताकि विद्यार्थियों को सटीक और व्यक्तिगत मार्गदर्शन मिल सके।
हर जिले में तैनात होंगे विशेषज्ञ काउंसलर
नई व्यवस्था के तहत पंजाब के प्रत्येक जिले में कम से कम एक समर्पित करियर काउंसलर नियुक्त किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अतिरिक्त विशेषज्ञों का एक बैकअप पूल भी तैयार किया जाएगा, जिससे किसी भी क्षेत्र में सेवाओं में बाधा न आए।
जिला काउंसलर नियमित रूप से स्कूलों का दौरा करेंगे, छात्रों और अभिभावकों से संवाद करेंगे तथा करियर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इसके अलावा विभिन्न ब्लॉकों में विशेष काउंसलिंग कैंप भी लगाए जाएंगे।
साइकोमेट्रिक टेस्ट बताएंगे छात्रों की वास्तविक क्षमता
इस परियोजना की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता साइकोमेट्रिक असेसमेंट होगी। आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों पर आधारित इन परीक्षणों के माध्यम से विद्यार्थियों की रुचियों, व्यक्तित्व, क्षमता और कौशल का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर छात्रों को उनके लिए उपयुक्त करियर विकल्प सुझाए जाएंगे।
डिजिटल माध्यम से होने वाले इन परीक्षणों की रिपोर्ट निर्धारित समय के भीतर उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे विद्यार्थी और अभिभावक भविष्य की पढ़ाई और करियर संबंधी निर्णय बेहतर तरीके से ले सकें।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित रहेगा पूरा रिकॉर्ड
पूरे सिस्टम को एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। इस प्लेटफॉर्म पर विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, काउंसलिंग सत्रों का रिकॉर्ड, करियर प्राथमिकताएं और असेसमेंट रिपोर्ट सुरक्षित रूप से संग्रहीत की जाएंगी।
यह प्लेटफॉर्म पंजाबी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होगा, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान रूप से लाभ मिल सके।
रोजगारोन्मुख शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि बदलते रोजगार बाजार और नई तकनीकों के दौर में करियर काउंसलिंग की भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। पंजाब सरकार की यह पहल विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि उन्हें रोजगार, उद्यमिता और कौशल आधारित अवसरों की ओर भी प्रेरित करेगी। इससे युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार करने में मदद मिलेगी और शिक्षा से रोजगार तक का सफर अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बन सकेगा।




