हिमाचल में लंबे इंतजार के बाद हवाई संपर्क एक बार फिर बहाल होने जा रहा है। एलायंस एयर ने नई दिल्ली, शिमला और धर्मशाला के बीच शुरू होने वाली उड़ानों का विस्तृत शेड्यूल और किराया जारी कर दिया है। करीब सात महीने के अंतराल के बाद शुरू हो रही इन सेवाओं से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी नया बल मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार 10 मई से नई दिल्ली और शिमला के बीच नियमित उड़ान सेवा शुरू होगी। रविवार के शेड्यूल के मुताबिक फ्लाइट सुबह 6:20 बजे नई दिल्ली से उड़ान भरेगी और सुबह 7:35 बजे शिमला के जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके बाद यही विमान सुबह 8 बजे शिमला से रवाना होकर 9:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगा।
11 मई यानी सोमवार से समय सारिणी में कुछ बदलाव रहेगा। सोमवार को फ्लाइट सुबह 7:20 बजे नई दिल्ली से रवाना होकर 8:35 बजे शिमला पहुंचेगी। वापसी में विमान सुबह 11:30 बजे शिमला से उड़ान भरेगा और दोपहर 12:40 बजे नई दिल्ली पहुंचेगा। अधिकारियों के अनुसार दिल्ली से शिमला की यात्रा में लगभग 1 घंटा 15 मिनट, जबकि शिमला से दिल्ली पहुंचने में करीब 1 घंटा 10 मिनट का समय लगेगा।
इसके अलावा शिमला और धर्मशाला के बीच भी हवाई सेवाएं शुरू की जा रही हैं। यह सेवा सप्ताह में पांच दिन संचालित होगी। रविवार और मंगलवार को छोड़कर बाकी दिनों में उड़ानें उपलब्ध रहेंगी। 11 मई को शिमला से फ्लाइट सुबह 9 बजे रवाना होकर 9:50 बजे धर्मशाला पहुंचेगी, जबकि धर्मशाला से विमान सुबह 10:15 बजे उड़ान भरकर 11:05 बजे शिमला पहुंचेगा। इस रूट पर यात्रा महज 50 मिनट में पूरी हो जाएगी, जिससे सड़क मार्ग पर लगने वाले कई घंटों के मुकाबले यात्रियों का काफी समय बचेगा।
एयरलाइन ने सभी दिनों का शेड्यूल अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट कर दिया है। नई दिल्ली और शिमला के बीच यह सेवा सप्ताह में छह दिन उपलब्ध रहेगी, जबकि मंगलवार को इस रूट पर उड़ान संचालित नहीं होगी।
किराए की बात करें तो शिमला से नई दिल्ली के लिए शुरुआती कुछ सीटों का किराया लगभग 7,483 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। अन्य श्रेणियों में किराया 18,298 रुपये और 27,118 रुपये तक निर्धारित किया गया है। वहीं शिमला से धर्मशाला रूट पर शुरुआती सीटों के लिए किराया 4,698 रुपये रखा गया है, जबकि अन्य सीटों का किराया 13,098 रुपये और 18,348 रुपये तक है।
शिमला स्थित जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट के निदेशक सतीश कुमार ने बताया कि उड़ानों के संचालन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद शुरू हो रही इस सेवा को लेकर यात्रियों और पर्यटन उद्योग में उत्साह का माहौल है। पहली फ्लाइट के शिमला पहुंचने पर विमान का वाटर कैनन सलामी से स्वागत किया जाएगा और यात्रियों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्था भी की गई है।
पर्यटन कारोबारियों का मानना है कि गर्मियों के सीजन में उड़ानों की बहाली से शिमला और धर्मशाला आने वाले पर्यटकों की संख्या में बड़ा इजाफा हो सकता है। खासकर दिल्ली और अन्य महानगरों से आने वाले पर्यटकों के लिए अब पहाड़ों तक पहुंचना पहले की तुलना में अधिक आसान और तेज हो जाएगा।


