राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगामी हिमाचल प्रदेश दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। 27 अप्रैल से 2 मई तक प्रस्तावित इस दौरे की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव संजय गुप्ता की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, प्रेस कवरेज और विभिन्न प्रोटोकॉल से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। राष्ट्रपति के शिमला, कांगड़ा और लाहौल और स्पीति जिलों के प्रस्तावित कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की गई।
दौरे के दौरान सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। करीब 1500 सुरक्षा कर्मियों को तैनात करने की योजना है, जो विभिन्न स्थानों पर तैनात रहकर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। साथ ही, पास जारी करने की प्रक्रिया और आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए भी विस्तृत योजना तैयार की गई है।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों और एजेंसियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाए और हर व्यवस्था समय पर पूरी की जाए, ताकि दौरा पूरी तरह सुचारु और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
इस बैठक में पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, सचिव (सामान्य प्रशासन) आशीष सिंहमार, उपायुक्त अनुपम कश्यप और पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल और स्पीति के उपायुक्तों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया।


