हरियाणा विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र आज आयोजित हो रहा है, जिसमें सियासी हलचल तेज रहने के संकेत हैं। सुबह 11 बजे शुरू होने वाले इस सत्र की शुरुआत शोक प्रस्तावों के साथ होगी, जिसके बाद सत्ता पक्ष द्वारा नारी शक्ति वंदन कानून पर कांग्रेस के रुख को लेकर निंदा प्रस्ताव पेश किया जा सकता है। इस मुद्दे पर सत्तारूढ़ दल और विपक्ष के बीच तीखी बहस की संभावना जताई जा रही है।
इस बीच, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सत्र से पहले सुबह 9:30 बजे चंडीगढ़ में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई है। बैठक में सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा होगी और सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों पर विचार किया जाएगा।
सत्र में ग्रुप-D कर्मचारियों के प्रमोशन से जुड़ा अहम विधेयक भी पेश किया जा सकता है, जिस पर सभी दलों की नजर रहेगी। वहीं, राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के चलते निलंबित किए गए कांग्रेस के पांच विधायक भी इस सत्र में भाग लेंगे।
इन विधायकों में शैली चौधरी, रेनू बाला, मोहम्मद इलियास, मोहम्मद इसराइल और जरनैल सिंह शामिल हैं। पार्टी ने सभी को सदन में व्हिप का पालन करने के निर्देश दिए हैं। यदि वे पार्टी लाइन से हटते हैं, तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।



