हलवारा एयरपोर्ट से उड़ानों का आगाज, पंजाब में निवेश और औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार: CM मान

हलवारा एयरपोर्ट से उड़ानों का आगाज, पंजाब में निवेश और औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार: CM मान

पंजाब में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए हलवारा एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इसे पंजाब के आर्थिक विकास, व्यापारिक विस्तार और आधुनिक बुनियादी ढांचे की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित इस परियोजना के शुरू होने से राज्य में निवेश, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

एयरपोर्ट संचालन शुरू होने के बाद मुख्यमंत्री ने अरविंद केजरीवाल के साथ एयरपोर्ट टर्मिनल का दौरा किया और वहां मौजूद यात्रियों व अधिकारियों से बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने इस परियोजना को पूरा करने के लिए लगभग 54.67 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, ताकि राज्य के लोगों को आधुनिक और बेहतर हवाई सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक क्षेत्र के उद्योगपतियों, व्यापारियों और आम यात्रियों को दिल्ली-एनसीआर सहित अन्य बड़े शहरों तक पहुंचने के लिए सड़क मार्ग पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे समय और संसाधनों की भारी बर्बादी होती थी। हलवारा एयरपोर्ट के शुरू होने से अब यात्रा अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि बेहतर हवाई संपर्क से पंजाब में बड़े उद्योग समूहों और निवेशकों की रुचि भी बढ़ेगी।

हलवारा एयरपोर्ट को पंजाब सरकार ने राज्य की आर्थिक प्रगति के लिए महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए कहा कि यह एयरपोर्ट आने वाले समय में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति देगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, इससे न केवल व्यापार को बढ़ावा मिलेगा बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और पंजाब निवेश के लिए अधिक आकर्षक राज्य बनकर उभरेगा।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस दौरान एयरपोर्ट का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर रखने की मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि पंजाब विधानसभा पहले ही इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर चुकी है और राज्य सरकार इस मुद्दे को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद करतार सिंह सराभा ने बेहद कम उम्र में देश की आजादी के लिए अपना बलिदान दिया और उनकी प्रेरणा से ही भगत सिंह जैसे क्रांतिकारियों ने स्वतंत्रता आंदोलन में कदम रखा।

उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती गुरुओं, संतों और शहीदों की विरासत से जुड़ी हुई है और राज्य सरकार लगातार ऐतिहासिक व्यक्तित्वों के सम्मान में संस्थानों और एयरपोर्टों का नामकरण कर रही है। इसी क्रम में पहले मोहाली एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह और आदमपुर एयरपोर्ट का नाम गुरु रविदास के नाम पर रखा जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार साहनेवाल एयरपोर्ट की इमारत का उपयोग विमानन प्रशिक्षण केंद्र के रूप में करने की संभावनाओं पर भी काम कर रही है, ताकि पंजाब के युवाओं को किफायती दरों पर पायलट प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हलवारा एयरपोर्ट से और अधिक उड़ानें शुरू करने के प्रयास किए जाएंगे, जिससे पंजाब की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार पंजाब की तरक्की, निवेश और लोगों की खुशहाली को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और राज्य को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से जोड़ने के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।