हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने के लिए सिर्फ दवाएं नहीं, लाइफस्टाइल बदलना भी जरूरी

हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने के लिए सिर्फ दवाएं नहीं, लाइफस्टाइल बदलना भी जरूरी

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हाई ब्लड प्रेशर तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। सबसे खतरनाक बात यह है कि कई बार इसके लक्षण लंबे समय तक दिखाई ही नहीं देते, इसलिए इसे ‘साइलेंट किलर’ कहा जाता है। अगर समय पर ध्यान न दिया जाए तो यह दिल, दिमाग और किडनी जैसी जरूरी अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।

वर्ल्ड हाइपरटेंशन डे 2026 के मौके पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को आगाह किया है कि केवल दवा खाने से ही ब्लड प्रेशर कंट्रोल नहीं होता, बल्कि रोजमर्रा की आदतों में बदलाव भी बेहद जरूरी है। सही खान-पान, नियमित एक्सरसाइज और संतुलित जीवनशैली से बीपी को काफी हद तक नियंत्रित रखा जा सकता है।

खाने में नमक कम करना बेहद जरूरी

डॉक्टरों के मुताबिक ज्यादा नमक हाई ब्लड प्रेशर का बड़ा कारण बनता है। चिप्स, अचार, पापड़, नमकीन, सॉस और इंस्टेंट फूड जैसी चीजों में छिपा अतिरिक्त नमक शरीर को नुकसान पहुंचाता है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि दिनभर में 5 ग्राम से कम नमक का सेवन करना बेहतर माना जाता है। स्वाद बढ़ाने के लिए नमक की जगह नींबू, लहसुन, जीरा और हर्ब्स का इस्तेमाल किया जा सकता है।

डाइट में शामिल करें फल और हरी सब्जियां

हेल्दी डाइट ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में अहम भूमिका निभाती है। रोजाना ताजे फल, हरी सब्जियां और साबुत अनाज खाने से दिल स्वस्थ रहता है। सफेद चावल और मैदे की जगह बाजरा, ज्वार, रागी, ओट्स और ब्राउन राइस जैसे विकल्प ज्यादा फायदेमंद माने जाते हैं।

तला-भुना भोजन बढ़ा सकता है खतरा

बार-बार गर्म किए गए तेल और डीप फ्राइड फूड शरीर के लिए नुकसानदायक होते हैं। समोसा, कचौड़ी, भजिया और ज्यादा मिठाइयों से दूरी बनाना बेहतर है। इसके बजाय उबला, स्टीम या बेक्ड खाना अपनाने की सलाह दी जाती है। खाना बनाते समय तेल की मात्रा भी सीमित रखनी चाहिए।

पोटैशियम वाली चीजें रखें डाइट में

विशेषज्ञ बताते हैं कि पोटैशियम शरीर में सोडियम को संतुलित करने में मदद करता है, जिससे ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है। केला, संतरा, नारियल पानी, बीन्स, आलू और हरी पत्तेदार सब्जियां पोटैशियम के अच्छे स्रोत माने जाते हैं।

चीनी और शराब से बनाएं दूरी

ज्यादा मीठा, कोल्ड ड्रिंक और शराब का सेवन वजन बढ़ाने के साथ-साथ ब्लड प्रेशर पर भी बुरा असर डालता है। इसलिए पैकेज्ड जूस, मिठाई और बेकरी प्रोडक्ट्स कम खाने की सलाह दी जाती है। साथ ही कैफीन का सेवन भी सीमित रखना चाहिए।

रोजाना एक्सरसाइज भी है जरूरी

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि नियमित फिजिकल एक्टिविटी ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने में काफी मदद करती है। रोज कम से कम 30 से 45 मिनट वॉक, योग या हल्की एक्सरसाइज करने से वजन संतुलित रहता है और दिल भी स्वस्थ रहता है।