कांगड़ा में आयोजित कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ के दौरान हिमाचल के बागवानों की समस्याएं राष्ट्रीय स्तर पर उठाई गईं। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और विधायक कुलदीप राठौर ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के समक्ष सेब उत्पादकों से जुड़े अहम मुद्दों को प्रमुखता से रखा।
राठौर ने भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते का जिक्र करते हुए कहा कि सेब पर आयात शुल्क को 50 प्रतिशत से घटाकर 25 प्रतिशत करने का प्रस्ताव स्थानीय बागवानों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है। उनका कहना था कि इससे हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के उत्पादकों को विदेशी सेब से कड़ी प्रतिस्पर्धा झेलनी पड़ेगी।
शिमला में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि हाल ही में राहुल गांधी के साथ लंबी बैठक में बागवानी क्षेत्र की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। राठौर ने कहा कि जल्द ही बागवानों का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली जाकर इस मुद्दे पर आगे बातचीत करेगा।
उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा प्रतिनिधियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस संवेदनशील मुद्दे पर अब तक ठोस पहल नहीं की गई है, जिसका सीधा असर प्रदेश के बागवानों की आय और भविष्य पर पड़ सकता है।


